– उच्च स्तरीय खेल सुविधाओं और प्रशिक्षण केंद्रों के लिए सहयोग मांगा
नई दिल्ली: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया से मुलाकात कर उत्तराखण्ड में खेलों के व्यापक विकास और खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में सम्पन्न हुए 38वें राष्ट्रीय खेलों ने उत्तराखण्ड को एक नई पहचान दी है और प्रदेश को ‘खेलभूमि’ के रूप में स्थापित करने की दिशा में यह एक ऐतिहासिक कदम रहा। उन्होंने इस आयोजन में मिले केंद्र सरकार के सहयोग के लिए आभार भी व्यक्त किया।
धामी ने रखे ये प्रमुख प्रस्ताव
-
अल्मोड़ा के डीनापानी में उच्च स्तरीय खेल सुविधा की स्थापना
-
देहरादून स्थित महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में आइस स्केटिंग रिंग का संचालन
-
नई टिहरी में साहसिक प्रशिक्षण केंद्र का उच्चीकरण
-
चंपावत के महिला स्पोर्ट्स कॉलेज में इंडोर आर्टिफिशियल रॉक क्लाइम्बिंग सुविधा
-
राज्य के 95 विकासखण्डों में बहुउद्देशीय क्रीड़ाहॉल का निर्माण
पहला खेल विश्वविद्यालय बना राज्य की नई पहचान
मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तराखण्ड में राज्य का पहला खेल विश्वविद्यालय स्थापित किया गया है। यह विश्वविद्यालय खिलाड़ियों को प्रशिक्षण के साथ-साथ खेल संबंधी शैक्षणिक कोर्स भी उपलब्ध कराएगा। उन्होंने इस विश्वविद्यालय को देश का अग्रणी खेल संस्थान बनाने के लिए केंद्र सरकार से सहयोग और वित्तीय सहायता की मांग की। केंद्रीय मंत्री डॉ. मांडविया ने मुख्यमंत्री धामी को राज्य में खेलों के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
