लगातार बारिश पर धामी सरकार अलर्ट, सभी जिलों में हाई अलर्ट; NDRF-SDRF को तत्काल राहत-बचाव के निर्देश

 

 

 

देहरादून। उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश और मौसम विभाग की चेतावनियों को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य की आपदा तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने आपदा प्रबंधन विभाग से प्रदेशभर की स्थिति की जानकारी लेते हुए सभी संबंधित एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रहने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF), राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF), पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन और जिला प्रशासन आपसी समन्वय के साथ पूरी सतर्कता बरतें। संवेदनशील क्षेत्रों, नदी-नालों के जलस्तर और भूस्खलन संभावित इलाकों की लगातार निगरानी रखने तथा जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश भी दिए गए।

उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को जिला आपातकालीन संचालन केंद्र 24 घंटे सक्रिय रखने और प्रत्येक घटना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि किसी भी परिस्थिति में जनहानि रोकना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार, भारत मौसम विज्ञान विभाग ने गुरुवार के लिए देहरादून, चमोली और बागेश्वर जिलों में ऑरेंज अलर्ट, जबकि राज्य के अन्य जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। कई क्षेत्रों में भारी बारिश, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है।

राज्य सरकार ने नागरिकों और पर्यटकों से मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने, अनावश्यक यात्रा से बचने और यात्रा से पहले मौसम व सड़क मार्ग की जानकारी लेने की अपील की है। साथ ही लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने को कहा गया है।

 

(Visited 51 times, 51 visits today)