दून विश्वविद्यालय में तीसरे प्रवासी उत्तराखंडी दिवस सम्मेलन की तैयारी तेज, देशभर में बसे उत्तराखंडियों को आमंत्रित करने की योजना

 

 

 

देहरादून: उत्तराखंड से बाहर रहकर देश के अलग-अलग हिस्सों में काम कर रहे प्रवासियों को राज्य के विकास से जोड़ने की तैयारी है। इसके लिए 13 नवंबर को देहरादून स्थित दून विश्वविद्यालय के नित्यानंद ऑडिटोरियम में तृतीय प्रवासी उत्तराखंडी दिवस सम्मेलन-2026 आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन में प्रवासियों के अनुभवों, सुझावों और उनकी विशेषज्ञता के जरिए राज्य के विकास की संभावनाओं पर संवाद करने पर जोर रहेगा।

प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु की अध्यक्षता में बुधवार को सचिवालय में आयोजित बैठक में सम्मेलन की तैयारियों की समीक्षा की गई। उन्होंने अधिकारियों को आयोजन को अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनुरूप, युवा-केंद्रित और नवाचारपूर्ण स्वरूप देने के निर्देश दिए। साथ ही, अलग-अलग राज्यों और शहरों में रहकर विभिन्न क्षेत्रों में काम कर रहे प्रवासी उत्तराखंडियों की पहचान कर उन्हें सम्मेलन में आमंत्रित करने को कहा।

प्रवासियों के अनुभवों से विकास की संभावनाएं तलाशेगा सम्मेलन

प्रमुख सचिव ने कहा कि आयोजन केवल औपचारिक कार्यक्रम तक सीमित न रहे, बल्कि प्रवासी उत्तराखंडियों के साथ सार्थक संवाद का मंच बने। उनके अनुभवों, सुझावों और योगदान का लाभ लेकर राज्य के विकास के लिए नई संभावनाएं तलाशने की दिशा में काम किया जाए।

बैठक में बताया गया कि सम्मेलन के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा तैयार करने और हर तीन से चार दिन में तैयारियों की प्रगति की जानकारी देने के निर्देश दिए गए।

मीडिया और सोशल मीडिया से होगा प्रचार

सम्मेलन में अधिक से अधिक प्रवासियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए मीडिया, विज्ञापन, होर्डिंग और सोशल मीडिया के जरिए प्रचार अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ ही आमंत्रित अतिथियों की सूची तैयार करने तथा उनके आवागमन, परिवहन, ठहरने और भोजन की व्यवस्था समय से पूरी करने को कहा गया है।

प्रमुख सचिव ने उद्घाटन सत्र, विषयगत चर्चाओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियों को भी तय समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। आयोजन स्थल पर साफ-सफाई, पहुंच मार्गों और परिवहन व्यवस्था को सुचारु रखने पर भी जोर दिया गया।

विकास योजनाओं पर दिखाई जाएंगी लघु फिल्में

सम्मेलन के दौरान राज्य सरकार की विकास योजनाओं, नीतियों और विभिन्न क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यों पर आधारित लघु फिल्मों का प्रसारण किया जाएगा। इसका उद्देश्य प्रवासी उत्तराखंडियों को राज्य में चल रही पहलों की जानकारी देना है।

प्रमुख सचिव ने संबंधित विभागों को आवश्यक पत्राचार कर आपसी समन्वय के साथ सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने को कहा, ताकि सम्मेलन में शामिल होने वाले प्रवासियों को बेहतर अनुभव मिल सके।

(Visited 11 times, 11 visits today)