काशीपुर में चैती मेले को नई पहचान, सीएम धामी ने मंदिर सौंदर्यीकरण व विकास की घोषणा की

 

 

 

 

काशीपुर: CM धामी ने सोमवार को काशीपुर स्थित मां बाल सुंदरी मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और चहुंमुखी विकास की कामना की। इसके बाद उन्होंने मंदिर परिसर में आयोजित भजन संध्या का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने चैती मेला कोष से मंदिर के सौंदर्यीकरण और परिसर के विकास की घोषणा करते हुए कहा कि यह मेला केवल आयोजन नहीं, बल्कि लोक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं का जीवंत उत्सव है। उन्होंने श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए मां बाल सुंदरी से सभी के सुख-समृद्धि की कामना की।

सीएम धामी ने कहा कि चैती मेला स्थानीय व्यापार, पर्यटन और रोजगार को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण माध्यम है। मेले में लगे पारंपरिक उत्पादों के स्टॉल और सांस्कृतिक कार्यक्रम इसे और आकर्षक बनाते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य तेजी से विकास की ओर अग्रसर है। काशीपुर क्षेत्र के विकास के लिए कई बड़ी परियोजनाओं पर काम जारी है। उन्होंने बताया कि 133 एकड़ में इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर पार्क विकसित किया जा रहा है, जिसमें 16 औद्योगिक इकाइयों का आवंटन हो चुका है।

इसके साथ ही काशीपुर-रामनगर हाईवे के चौड़ीकरण के लिए 494 करोड़ रुपये से अधिक स्वीकृत किए गए हैं और 3 किलोमीटर लंबा मिनी बाईपास भी शुरू हो चुका है। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी कार्यालय का निर्माण तथा ऑटोमेटेड ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक की सुविधा भी शुरू की गई है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि लगभग 1,950 करोड़ रुपये की लागत से पेयजल, सीवरेज, सड़क सुधार और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट जैसे कार्य तेजी से चल रहे हैं। इसके अलावा 1100 करोड़ रुपये की औद्योगिक हब परियोजना और 100 करोड़ रुपये की अरोमा पार्क योजना पर भी काम जारी है।

उन्होंने कहा कि चैती मंदिर को मानसखंड कॉरिडोर से जोड़कर इसे प्रमुख आध्यात्मिक केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे काशीपुर को औद्योगिक नगरी के साथ-साथ आस्था के केंद्र के रूप में भी पहचान मिलेगी।

सीएम धामी ने राज्य सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में सख्त धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगारोधी कानून और समान नागरिक संहिता लागू की गई है। साथ ही भ्रष्टाचार और नकल के खिलाफ कड़े कदम उठाए गए हैं, जिसके चलते बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार मिला है।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, शिव अरोरा सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

 
 
(Visited 699 times, 1 visits today)