देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को वर्चुअल माध्यम से सभी जिलाधिकारियों से संवाद करते हुए उन्हें राज्य में लगातार हो रही वर्षा के मद्देनज़र अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी अपनी पूरी टीम के साथ ग्राउंड ज़ीरो पर मौजूद रहें और राहत कार्यों की मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़कों, पेयजल और विद्युत लाइनों के बाधित होने पर त्वरित मरम्मत कार्य कर उन्हें पुनः सुचारु किया जाए, और ग्रामीण क्षेत्रों में वैकल्पिक आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित हो। साथ ही जलभराव की समस्या से निपटने के लिए पूर्व तैयारी पूरी रखी जाए।
वर्षा के कारण फसलों को हुए नुकसान का तत्काल सर्वे कर मुआवजे की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश भी दिए गए। मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों से कहा कि सरकारी अस्पतालों का नियमित निरीक्षण करें और दवाओं की उपलब्धता, उपकरणों की स्थिति, डॉक्टरों की उपस्थिति तथा स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष ध्यान दें।
फर्जी दस्तावेज़ बनाने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
मुख्यमंत्री धामी ने राशन कार्ड, आधार, वोटर आईडी और आयुष्मान कार्ड जैसे दस्तावेजों को फर्जी तरीके से बनवाने वालों और इसमें संलिप्त कर्मचारियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही, उन्होंने ‘ऑपरेशन कालनेमि’ के तहत धर्म की आड़ में जनता को गुमराह करने वालों के खिलाफ निरंतर अभियान चलाने को भी कहा।
विकास कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता जरूरी
सीएम ने वर्षा के बाद अवस्थापना विकास कार्यों जैसे सड़क, पुल और नालियों के निर्माण में तेजी और गुणवत्ता सुनिश्चित करने को कहा। राज्य एवं केंद्र सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं की नियमित समीक्षा करने के निर्देश भी दिए।
स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने पर बल
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के सभी सरकारी कार्यालयों में स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता दी जाए और आमजन को ‘वोकल फॉर लोकल’ के तहत जागरूक किया जाए। “आत्मनिर्भर भारत तभी संभव है जब हम अपने स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता दें,” उन्होंने कहा।
पंचायत चुनाव शांतिपूर्ण कराने वालों को धन्यवाद
त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों की सफलता पर सीएम धामी ने राज्य निर्वाचन आयोग, पुलिस बल और चुनाव ड्यूटी में लगे सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि “सभी की कर्तव्यनिष्ठा और टीम वर्क से चुनाव शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक वातावरण में संपन्न हुए हैं।”
