डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने उत्तराखंड के नौवें राज्यपाल के रूप में ली शपथ

 

 

 

  • हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश ने दिलाई पद एवं गोपनीयता की शपथ
  • राष्ट्रपति ने 12 अक्टूबर को की थी नियुक्ति

देहरादून: उत्तराखंड को नया राज्यपाल मिल गया है। डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने शनिवार को लोक भवन में आयोजित समारोह में राज्यपाल पद की शपथ ली। उत्तराखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। समारोह से पहले मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने राष्ट्रपति की ओर से जारी नियुक्ति अधिपत्र पढ़कर सुनाया।

मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के पिपरिया में 14 मई 1952 को जन्मे डॉ. बिसेन पेशे से चिकित्सक और कृषक हैं। भारतीय जनता पार्टी से जुड़े रहे डॉ. बिसेन का मध्य प्रदेश की राजनीति में लंबा अनुभव रहा है। वह 1990 से 2008 के बीच चार बार मध्य प्रदेश विधानसभा के सदस्य निर्वाचित हुए। इस दौरान उन्होंने राज्य सरकार में वन, परिवहन एवं खनिज तथा स्कूल शिक्षा एवं जेल विभागों के कैबिनेट मंत्री के रूप में जिम्मेदारी निभाई। मई 2019 में वह 17वीं लोकसभा के लिए भी निर्वाचित हुए।

जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर हुआ स्वागत

उत्तराखंड पहुंचने पर जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर पुलिस ने नवनियुक्त राज्यपाल को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इस दौरान उन्होंने परेड का निरीक्षण भी किया। एयरपोर्ट पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ और जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान समेत कई अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।

इसके बाद लोक भवन पहुंचने पर राज्यपाल का सचिव राज्यपाल रविनाथ रामन, हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल केके शुक्ल, सचिव प्रोटोकॉल विनोद कुमार सुमन, गढ़वाल मंडलायुक्त आनंद स्वरूप, आईजी विम्मी सचदेवा रामन और अपर सचिव रीना जोशी सहित अन्य अधिकारियों ने स्वागत किया।

गुरमीत सिंह का लिया स्थान

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 12 अक्टूबर को डॉ. ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड का राज्यपाल नियुक्त किया था। उन्होंने लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) का स्थान लिया है। शपथ ग्रहण के साथ ही डॉ. बिसेन ने राज्य के नौवें राज्यपाल के रूप में कार्यभार संभाल लिया है।

(Visited 10 times, 1 visits today)