CM धामी की जनसुनवाई में उमड़ी फरियादियों की भीड़, अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश

 

 

 

 

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई के दौरान लोगों ने सड़क, पेयजल, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और राजस्व समेत कई मुद्दे मुख्यमंत्री के सामने रखे।

मुख्यमंत्री ने एक-एक फरियादी की बात सुनी और संबंधित अधिकारियों से मामलों की स्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई के जरिए आमजन को अपनी समस्याएं सीधे सरकार तक पहुंचाने का अवसर मिलता है और लंबित मामलों के समाधान का रास्ता भी खुलता है।

सड़क से रोजगार तक उठे मुद्दे

जनसुनवाई में सड़क एवं संपर्क मार्ग, पेयजल, विद्युत, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई, राजस्व, रोजगार, स्थानांतरण और स्थानीय विकास से जुड़े मामले प्रमुखता से सामने आए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन मामलों का समाधान विभागीय स्तर पर संभव है, उनमें अनावश्यक देरी न की जाए।

वहीं, जिन प्रकरणों में शासन स्तर से निर्णय की आवश्यकता है, उन्हें निर्धारित प्रक्रिया के तहत तत्काल शासन को भेजने के निर्देश दिए गए।

‘जनता को समय पर मिले सुशासन का लाभ’

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता प्रदेश के प्रत्येक नागरिक तक सुशासन का लाभ पहुंचाना है। योजनाओं और नीतियों की सफलता तभी मानी जाएगी, जब उनका लाभ जरूरतमंद व्यक्ति तक समय पर पहुंचे।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आमजन से जुड़े मामलों का समाधान मानवीय दृष्टिकोण और नियमों के अनुरूप सुनिश्चित किया जाए तथा संबंधित विभागों को भेजे गए मामलों पर यथाशीघ्र कार्रवाई की जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार जनभावनाओं और जनअपेक्षाओं के अनुरूप काम करते हुए उत्तराखंड के समग्र विकास के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

 
 
(Visited 355 times, 1 visits today)