मुख्यमंत्री धामी ने यमकेश्वर में किया पौधरोपण, ‘हर्बल वर्ल्ड’ में परखीं दुर्लभ औषधियां

 

 

 

पौड़ी : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को पौड़ी गढ़वाल के यमकेश्वर क्षेत्र स्थित मालाग्राम में हरेला पर्व के अवसर पर आयोजित पौधरोपण अभियान में हिस्सा लिया। प्रकृति के प्रति आभार जताने और पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ मुख्यमंत्री ने यहां विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों से ‘हरित उत्तराखंड’ के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए अधिक से अधिक पौधरोपण करने का आह्वान किया।

पौधरोपण के पश्चात मुख्यमंत्री ने ‘श्री धन्वंतरि धाम हर्बल वर्ल्ड हिमालय’ का अवलोकन किया। उन्होंने वहां संरक्षित की जा रही हिमालयी क्षेत्रों की दुर्लभ औषधीय वनस्पतियों और उनके वैज्ञानिक महत्व की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने परिसर की अनुसंधान गतिविधियों और आयुर्वेद के क्षेत्र में हो रहे नए प्रयोगों को सराहा। उन्होंने परिसर में स्थित ध्यान कुटी का भी निरीक्षण किया और वहां के शांत वातावरण को योग एवं साधना के लिए उपयुक्त बताया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड की जैव विविधता और प्राचीन आयुर्वेदिक ज्ञान पूरी दुनिया के लिए एक बड़ी सौगात है। उन्होंने जोर दिया कि औषधीय पौधों का संरक्षण न केवल पर्यावरण के लिए जरूरी है, बल्कि यह भविष्य में हर्बल पर्यटन और स्थानीय युवाओं के लिए स्वरोजगार के बेहतरीन अवसर भी पैदा करेगा। उन्होंने श्री धन्वंतरि धाम को पारंपरिक चिकित्सा और आधुनिक शोध के संगम का एक महत्वपूर्ण केंद्र बताया।

इस अवसर पर योग गुरु स्वामी रामदेव और आचार्य बालकृष्ण भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विधायक रेनू बिष्ट, महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया और अन्य वरिष्ठ अधिकारी व गणमान्य लोग भी शामिल हुए। स्थानीय ग्रामीणों ने भी मुख्यमंत्री के साथ इस पौधरोपण अभियान में उत्साहपूर्वक भागीदारी की।

 
(Visited 45 times, 45 visits today)