Site icon The Mountain People

जौलजीबी मेले में हंगामे को लेकर कांग्रेस पर बरसे बंशीधर भगत, विधायक हरीश धामी के आचरण पर उठाए सवाल

 

 

 

देहरादून: जौलजीबी मेले में कांग्रेस विधायक हरीश धामी के हंगामे और विवादित बयान को लेकर भाजपा ने कांग्रेस पर हमला बोला है। कालाढूंगी विधायक एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बंशीधर भगत ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि सार्वजनिक आयोजनों में अभद्रता और तोड़फोड़ किसी भी जनप्रतिनिधि के पद की गरिमा के अनुरूप नहीं है। उन्होंने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल से भी इस मामले में अपना रुख स्पष्ट करने की मांग की।

बंशीधर भगत ने कहा कि जनता किसी विधायक को अपनी समस्याएं उठाने और विकास कार्य कराने के लिए चुनती है, न कि सार्वजनिक मंचों पर दबंगई दिखाने के लिए। उन्होंने हरीश धामी के कथित बयान ‘मुझसे बड़ा गुंडा कोई नहीं’ पर सवाल उठाते हुए कहा कि जनप्रतिनिधि की पहचान उसके काम और जनसेवा से होनी चाहिए, न कि ऐसे बयानों से।

भाजपा नेता ने कहा कि जौलजीबी मेला भारत और नेपाल के ऐतिहासिक संबंधों, सीमांत क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत और स्थानीय व्यापारियों की आजीविका से जुड़ा आयोजन है। ऐसे आयोजन को राजनीतिक विवाद का मंच बनाना उचित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेता राजनीतिक विरोध जताने के नाम पर सार्वजनिक कार्यक्रमों की गरिमा को प्रभावित कर रहे हैं।

भगत ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल से सवाल किया कि क्या पार्टी अपने विधायक के इस व्यवहार का समर्थन करती है? उन्होंने कहा कि यदि पार्टी नेतृत्व ऐसे आचरण का बचाव करता है तो कांग्रेस में अनुशासन और जवाबदेही को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के विकास कार्यों और योजनाओं पर ठोस सवाल उठाने के बजाय कांग्रेस नेता विवादों और व्यक्तिगत टिप्पणियों के जरिए राजनीति कर रहे हैं। भगत ने कहा कि जनप्रतिनिधियों को क्षेत्र की समस्याएं उठाने का पूरा अधिकार है, लेकिन इसके नाम पर हंगामा और अभद्रता को सही नहीं ठहराया जा सकता।

1984 के सिख नरसंहार और राज्य आंदोलन का भी किया जिक्र

बंशीधर भगत ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए 1984 के सिख विरोधी नरसंहार और उत्तराखंड राज्य आंदोलन के दौरान मुजफ्फरनगर, खटीमा और मसूरी में हुई घटनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का राजनीतिक इतिहास इन घटनाओं से जुड़ा रहा है। उन्होंने राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और पार्टी के अन्य शीर्ष नेताओं के बयानों और राजनीतिक गतिविधियों पर भी सवाल उठाए।

भगत ने कहा कि उत्तराखंड की राजनीति में कानून और सार्वजनिक मर्यादा सर्वोपरि होनी चाहिए। किसी भी विधायक या राजनीतिक दल को इससे ऊपर नहीं माना जा सकता। उन्होंने कांग्रेस से अपने विधायक के आचरण पर जवाब देने और पार्टी स्तर पर कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।

Exit mobile version