भाजपा ने उत्तराखंड में तेज किया चुनावी अभियान, खटीमा से प्रचार की शुरुआत करेंगे मोहन यादव

 

 

 

TMP: उत्तराखंड में चुनावी तैयारियों को लेकर भाजपा ने अपनी रणनीति पर काम तेज कर दिया है। देहरादून के परेड ग्राउंड में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की जनसभा के बाद अब पार्टी ने प्रदेशभर में प्रचार अभियान को विस्तार देने की तैयारी की है। इसके तहत दूसरे राज्यों के मुख्यमंत्रियों, केंद्रीय मंत्रियों और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को उत्तराखंड के विभिन्न क्षेत्रों में प्रचार की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।

इस अभियान की शुरुआत बृहस्पतिवार को ऊधम सिंह नगर जिले के खटीमा से होगी। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव यहां जनसभा को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विधानसभा क्षेत्र खटीमा में होने वाली इस सभा को भाजपा के आगामी प्रचार अभियान की महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है।

दूसरे राज्यों के दिग्गज नेता भी उतरेंगे मैदान में

भाजपा की योजना आगामी दिनों में उत्तर प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान और असम सहित अन्य राज्यों के वरिष्ठ नेताओं को भी उत्तराखंड में प्रचार के लिए बुलाने की है। इन नेताओं की जनसभाएं गढ़वाल और कुमाऊं मंडल की अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित की जाएंगी।

पार्टी की रणनीति के तहत बड़े नेताओं के माध्यम से स्थानीय स्तर पर कार्यकर्ताओं से संवाद और जनसभाओं के जरिये चुनावी संपर्क बढ़ाने की तैयारी है।

अमित शाह की रैली के बाद शुरू हो रहा यह सिलसिलेवार प्रचार अभियान उत्तराखंड की राजनीति में चुनावी गतिविधियों को नई गति देने वाला है। अब नजर इस बात पर रहेगी कि भाजपा अपने राष्ट्रीय और अंतरराज्यीय नेतृत्व को प्रदेश के किन-किन क्षेत्रों में प्रचार के लिए उतारती है।

 
 
(Visited 8 times, 8 visits today)