गैरसैंण सत्र से पहले भाजपा का कांग्रेस पर हमला, घेराव की घोषणा पर उठाए सवाल

 

 

 

 

देहरादून:  गैरसैंण में प्रस्तावित विधानसभा सत्र को लेकर भाजपा ने कांग्रेस की घेराव और प्रदर्शन की घोषणा पर निशाना साधा है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने विपक्ष के रुख को नकारात्मक राजनीति करार देते हुए कहा कि कांग्रेस ने पिछले पांच वर्षों में सदन के भीतर हंगामे और बाहर प्रदर्शन में ही समय गंवाया। उन्होंने विपक्ष से अंतिम विधानसभा सत्र में सकारात्मक भूमिका निभाने और जनहित के मुद्दों पर चर्चा करने की अपील की।

कांग्रेस प्रदेश प्रभारी की ओर से गैरसैंण में विधानसभा सत्र के दौरान घेराव और प्रदर्शन की घोषणा पर प्रतिक्रिया देते हुए भट्ट ने कहा कि विधानसभा जनता की समस्याओं और क्षेत्रीय मुद्दों को सदन में उठाने का महत्वपूर्ण मंच है। इसके बावजूद विपक्ष ने अपनी कार्यशैली में बदलाव नहीं किया। उनके अनुसार, सत्रों के दौरान जनसमस्याओं पर चर्चा करने के बजाय विपक्ष का ध्यान हंगामे और प्रदर्शन पर अधिक रहा।

सदन के भीतर भी हंगामे का लगाया आरोप

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि विपक्ष ने केवल सदन के बाहर ही प्रदर्शन नहीं किए, बल्कि विधानसभा के भीतर भी कई बार चर्चा बाधित की। उन्होंने कहा कि सत्ता पक्ष की ओर से महत्वपूर्ण विषयों, विधेयकों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा के दौरान भी विपक्ष ने शोर-शराबा कर कार्यवाही को प्रभावित करने की कोशिश की।

भट्ट ने विपक्षी विधायकों की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों से अपेक्षा की जाती है कि वे अपने क्षेत्रों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से सदन में रखें। ऐसे में विधानसभा के अंतिम सत्र का इस्तेमाल राजनीतिक टकराव के बजाय जनता से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए किया जाना चाहिए।

अंतिम सत्र में सकारात्मक भूमिका निभाने की अपील

महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रदेश के विकास और जनकल्याण से जुड़े विषयों पर सार्थक चर्चा करना सभी जनप्रतिनिधियों का नैतिक दायित्व है। उन्होंने कांग्रेस से घेराव की घोषणा पर पुनर्विचार करने और सदन की कार्यवाही में सकारात्मक भागीदारी सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि जनता सब देखती और समझती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि विपक्ष पुराने रवैये से आगे बढ़कर अंतिम सत्र में जनहित को प्राथमिकता देगा।

 

(Visited 14 times, 14 visits today)