उत्तरकाशी में बनेगा विश्वनाथ-शक्ति मंदिर कॉरिडोर, CM धामी ने की घोषणा

 

 

 

उत्तरकाशी: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को उत्तरकाशी के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने पौराणिक काशी विश्वनाथ मंदिर और शक्ति मंदिर को जोड़ते हुए विश्वनाथ-शक्ति मंदिर कॉरिडोर विकसित करने का ऐलान किया। मुख्यमंत्री के मुताबिक, कॉरिडोर बनने से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और धार्मिक पर्यटन के साथ स्थानीय रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा।

मुख्यमंत्री धामी ने काशी विश्वनाथ मंदिर और शक्ति मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद ऐतिहासिक रामलीला मैदान में आयोजित सेवा ज्योति कलश यात्रा एवं सेवा संकल्प सभा में शामिल हुए। कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित किया गया था।

विकसित भारत के निर्माण में उत्तराखंड की भागीदारी का संकल्प

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के पिछले 25 वर्षों में जनसेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को प्राथमिकता मिली है। उन्होंने कहा कि जनधन, जल जीवन मिशन, आयुष्मान भारत और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास हुआ है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने केदारनाथ की धरती से 21वीं सदी के तीसरे दशक को उत्तराखंड का दशक बनाने का आह्वान किया था। राज्य सरकार इसी दिशा में सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी के विस्तार के साथ पर्यटन, उद्योग, रोजगार और स्वरोजगार को बढ़ावा देने पर काम कर रही है।

CM बोले- अर्थव्यवस्था में डेढ़ गुने से ज्यादा वृद्धि

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि पिछले चार वर्षों में उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था में डेढ़ गुने से अधिक वृद्धि हुई है, जबकि प्रति व्यक्ति आय में 41 प्रतिशत से ज्यादा इजाफा हुआ है।

उनके अनुसार, राज्य में 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित हुए हैं। होटल और होमस्टे की संख्या में भी बढ़ोतरी हुई है। प्रदेश की तीन लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सतत विकास लक्ष्य सूचकांक में उत्तराखंड देश में पहले स्थान पर रहा है और राज्य को लगातार चार वर्षों से मोस्ट फिल्म फ्रेंडली स्टेट का सम्मान मिला है।

उन्होंने उत्तराखंड के पूर्ण साक्षर राज्य बनने को भी एक बड़ी उपलब्धि बताया।

चारधाम यात्रा में 56 लाख से ज्यादा श्रद्धालु

मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए किए गए प्रयासों का असर दिखाई दे रहा है। इस वर्ष अब तक 56 लाख से अधिक श्रद्धालु चारधाम यात्रा कर चुके हैं।

उत्तरकाशी जिले में विकास कार्यों का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि 200 करोड़ रुपये से अधिक की 50 योजनाओं का शिलान्यास किया गया है। इनमें 26 योजनाएं पूरी हो चुकी हैं, जबकि 24 योजनाओं पर काम जारी है।

स्वास्थ्य, शिक्षा और पर्यटन से जुड़ी घोषणाएं

मुख्यमंत्री ने गाजणा क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धौंतरी के उच्चीकरण की मांग का परीक्षण कराने की बात कही। वहीं भटवाड़ी में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना के लिए केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजे जाने की जानकारी दी।

इसके अलावा डोडीताल, अवाना बुग्याल और हरि महाराज सौड़ बुग्याल के विकास एवं सौंदर्यीकरण से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने की बात कही गई।

मुख्यमंत्री ने जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी का नाम पूर्व विधायक स्वर्गीय गोपाल सिंह रावत के नाम पर किए जाने की घोषणा भी की।

UCC और भर्ती व्यवस्था का भी किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड देश में समान नागरिक संहिता लागू करने वाला पहला राज्य बना है। उन्होंने धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगा रोधी कानून, भू-कानून और नकल विरोधी कानून जैसे फैसलों का भी उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और नकल विरोधी कानून के बाद पिछले करीब पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरियां मिली हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य केवल सरकार की योजनाओं से नहीं, बल्कि नागरिकों के कर्तव्यों और जिम्मेदारियों से भी जुड़ा है। उत्तराखंड को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के लिए राज्य सरकार लगातार काम कर रही है।

(Visited 12 times, 12 visits today)