Site icon The Mountain People

CM धामी की नवनिर्वाचित छात्र नेताओं को सलाह- फ्यूचर रेडी बनें, नई तकनीक सीखें

 

 

 

देहरादून: छात्रसंघ चुनाव में जीत के बाद अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने सोमवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री आवास में मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने सभी विजयी पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए छात्र जीवन में मिली जिम्मेदारियों को नेतृत्व क्षमता विकसित करने का अवसर बताया।

बोले धामी- बदलते दौर के साथ खुद को अपडेट रखें

मुख्यमंत्री ने युवाओं से ‘फ्यूचर रेडी’ बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डिजिटल माध्यम तेजी से बदल रहे हैं। ऐसे में युवाओं को केवल अपनी पढ़ाई तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि देश-दुनिया में हो रहे बदलावों और रोजगार के नए अवसरों की जानकारी भी रखनी चाहिए।

धामी ने कहा कि लगातार नई चीजें सीखने और अपने कौशल को विकसित करने से युवाओं का व्यक्तिगत विकास होगा और उनकी क्षमता का लाभ संगठन तथा समाज को भी मिलेगा।

छात्र राजनीति को बताया नेतृत्व सीखने का अवसर

मुख्यमंत्री ने कहा कि छात्र जीवन केवल परीक्षा और डिग्री तक सीमित नहीं है। इसी दौरान युवाओं को नेतृत्व, संवाद, अनुशासन, निर्णय लेने और सामाजिक जिम्मेदारी जैसे गुण सीखने का अवसर मिलता है।

उन्होंने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों से छात्र-छात्राओं के बीच लगातार संवाद बनाए रखने और उनकी समस्याओं व अपेक्षाओं को समझकर सकारात्मक भूमिका निभाने की अपील की।

छात्रहितों पर काम करने की अपील

मुख्यमंत्री ने एबीवीपी की संगठनात्मक भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि संगठन लंबे समय से छात्रहितों के साथ सामाजिक सरोकारों और युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण से जुड़े विषयों पर काम करता रहा है।

उन्होंने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों से संगठन के उद्देश्यों के अनुरूप छात्र-छात्राओं के हित में काम करने की अपेक्षा जताई। साथ ही संगठन की मजबूती के लिए सक्रियता, अनुशासन और जिम्मेदारी को जरूरी बताया।

व्यक्तिगत विकास के साथ समाज के लिए भी काम करें

धामी ने युवाओं से कहा कि अपने करियर और व्यक्तिगत विकास के साथ-साथ समाज और संगठन के लिए भी योगदान देना जरूरी है। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और सकारात्मक सोच राज्य और देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

मुलाकात के दौरान एबीवीपी के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री का आभार जताया। इस दौरान छात्रहितों से जुड़े मुद्दों और संगठन की आगामी कार्ययोजनाओं पर भी चर्चा हुई।

Exit mobile version