खटीमा में सजा जनजातीय संस्कृति का मंच, धामी ने कलाकारों संग बजाया ढोल

 

 

 

खटीमा: थारू से लेकर बोक्सा, जौनसारी और राजी समुदाय की लोक परंपराओं ने खटीमा में उत्तराखंड आदि रंगोत्सव के मंच पर देश की जनजातीय विविधता की तस्वीर पेश की। तीन दिवसीय आयोजन में अलग-अलग राज्यों से पहुंचे कलाकारों ने पारंपरिक वेशभूषा, लोकनृत्य और लोकसंगीत के जरिए अपनी सांस्कृतिक विरासत को सामने रखा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दीप प्रज्ज्वलित कर आदि रंगोत्सव का शुभारंभ किया। कार्यक्रम के दौरान वह कलाकारों के बीच पहुंचे और उनके साथ पारंपरिक नृत्य में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने स्वयं ढोल भी बजाया, जिससे कार्यक्रम में मौजूद कलाकारों और दर्शकों का उत्साह बढ़ा।

खटीमा के एकलव्य स्कूल के लिए 10 करोड़

आदि रंगोत्सव में केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम ने खटीमा स्थित एकलव्य आवासीय विद्यालय के विस्तार और सुविधाओं के लिए 10 करोड़ रुपये देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री धामी ने इसके लिए केंद्रीय मंत्री का आभार जताया।

मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्रियों किरेन रिजिजू और जुएल ओराम से पिथौरागढ़ क्षेत्र में एक नए एकलव्य आवासीय विद्यालय की स्थापना का अनुरोध भी किया।

‘मिनी इंडिया’ के रूप में खटीमा का जिक्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि आदि रंगोत्सव केवल सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनजातीय समाज की पहचान, परंपरा और गौरव को सामने लाने का मंच है। उनके मुताबिक ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ती है और देश के अलग-अलग समुदायों को एक-दूसरे की परंपराओं को समझने का अवसर मिलता है।

धामी ने खटीमा को विविध संस्कृतियों और परंपराओं का संगम बताते हुए इसे ‘मिनी इंडिया’ के रूप में प्रस्तुत किया।

शिक्षा, आवास और रोजगार पर सरकार का फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय समाज को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं से जोड़ने के लिए योजनाएं संचालित की जा रही हैं। अटल आवास योजना के तहत ऊधम सिंह नगर में 3 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता दिए जाने की बात उन्होंने कही।

प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत इस वर्ष आवास के लिए मिले आवेदनों में करीब 28 प्रतिशत आवेदन जनजातीय परिवारों के होने की जानकारी भी मुख्यमंत्री ने दी। प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत पहले चरण में 824 और दूसरे चरण में 101 आवासों के निर्माण का भी उल्लेख किया गया।

शिक्षा के क्षेत्र में आश्रम पद्धति विद्यालयों, छात्रावासों और आईटीआई के विकास के साथ बाजपुर में 100 बेड के बालक छात्रावास का निर्माण किए जाने की बात कही गई। विद्यालय निर्माण पर 16 करोड़ रुपये से अधिक और बालिका छात्रावास के लिए 4 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत होने की जानकारी दी गई।

एवरेस्ट फतह करने वाले मोहन और टीला को बधाई

मुख्यमंत्री ने खटीमा के अंजनिया गांव निवासी बीएसएफ जवान मोहन सिंह राणा और चारूबेटा की निवासी टीला सेन को माउंट एवरेस्ट फतह करने पर बधाई दी। उन्होंने दोनों की उपलब्धि को युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया।

सरकार की ओर से जनजातीय समुदायों के लिए रोजगार और प्रशिक्षण, स्थानीय उत्पादों की मार्केटिंग, रिवॉल्विंग फंड और निवेश सहायता जैसी पहलों का भी उल्लेख किया गया।

मुख्यमंत्री ने बताया कि सीमांत क्षेत्र विकास कार्यक्रम के तहत वर्ष 2020 से 2025 के बीच 10 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न योजनाएं धरातल पर उतारी गई हैं।

आदि रंगोत्सव में केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू और जुएल ओराम समेत विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी और देश के अलग-अलग हिस्सों से आए जनजातीय कलाकार मौजूद रहे।

(Visited 26 times, 14 visits today)