जमुई कांड में पुलिस की कार्रवाई तेज, मुख्य आरोपी को मुठभेड़ में लगी गोली; 120 सोशल मीडिया अकाउंट्स पर FIR

 

 

 

जमुई: बिहार के जमुई में नाबालिग लड़की और उसके दोस्त के साथ मारपीट व कथित बदसलूकी के मामले में पुलिस की कार्रवाई जारी है। मंगलवार को पुलिस के साथ मुठभेड़ के दौरान मुख्य आरोपी नंदन यादव के पैर में गोली लगने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने उसके साथी हरेराम यादव को भी गिरफ्तार किया है।

वायरल वीडियो से हुई आरोपियों की पहचान

पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, दोनों आरोपी प्रतापपुर गांव के रहने वाले हैं और ट्रैक्टर से बालू ढुलाई का काम करते हैं। 19 सितंबर की शाम करीब सात बजे लड़की अपने दोस्त के साथ फोटो खिंचवाने गई थी। आरोप है कि इसी दौरान कुछ युवकों ने दोनों को घेरकर मारपीट और बदसलूकी की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस ने फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान शुरू की।

https://x.com/PTI_News/status/2102303974019985450?s=20

नंदन को गोली, हरेराम भी पुलिस हिरासत में

फरार चल रहे नंदन यादव को पकड़ने के दौरान पुलिस मुठभेड़ में उसके पैर में गोली लगी। इसके बाद उसे इलाज के लिए जमुई अस्पताल ले जाया गया। दूसरे आरोपी हरेराम यादव को भी पुलिस ने पकड़ लिया है, जबकि गिरफ्तारी के दौरान उसके पैर में चोट लगने की बात कही गई है। पुलिस अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

पीड़िता का वीडियो शेयर करने पर 120 प्रोफाइल पर FIR

पुलिस ने घटना के आरोपियों के अलावा नाबालिग की पहचान सार्वजनिक करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई शुरू की है। एसपी विश्वजीत दयाल के अनुसार, करीब 120 सोशल मीडिया प्रोफाइल के खिलाफ साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित की गई है। पुलिस के मुताबिक, अब तक छह आरोपियों को पकड़ा जा चुका है और बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस ने लोगों से नाबालिग का वीडियो डाउनलोड, शेयर या दोबारा अपलोड नहीं करने की अपील की है।

 
(Visited 333 times, 284 visits today)