पौड़ी: बुआखाल-रामनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मांडाखाल के पास शनिवार देर रात एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में एसबीआई पाबौ शाखा के प्रबंधक संजीव किलानिया की मौके पर ही मौत हो गई।
संजीव शनिवार रात करीब नौ बजे बैंक की ड्यूटी खत्म करने के बाद कार से पौड़ी स्थित अपने घर के लिए रवाना हुए थे। देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों और परिचितों को चिंता हुई। सूचना पुलिस तक पहुंचने के बाद उनकी तलाश शुरू की गई।
देर रात शुरू हुआ सर्च ऑपरेशन
कोतवाली पौड़ी, फायर यूनिट और पाबौ पुलिस की टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर सर्च अभियान चलाया। मांडाखाल के समीप दुर्घटना के निशान मिलने के बाद टीम ने खाई में उतरकर तलाश शुरू की। करीब 150 मीटर नीचे कार और संजीव मिले।
रेस्क्यू टीम ने उन्हें बाहर निकाला, लेकिन उनकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां पोस्टमार्टम के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया।
मई से पाबौ में थे तैनात
संजीव किलानिया मई 2026 से एसबीआई की पाबौ शाखा में प्रबंधक के रूप में सेवाएं दे रहे थे। मूल रूप से हरियाणा के रहने वाले संजीव पौड़ी में पत्नी और बेटे के साथ रह रहे थे।
हादसे की खबर मिलते ही पौड़ी और पाबौ के बैंकिंग क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। सहकर्मियों और परिचितों ने उनके निधन पर गहरा दुख जताया।
