कोटद्वार-पुलिंडा मार्ग पर हाथियों का तांडव, वाहनों को छोड़ भागे लोग

 

 

 

कोटद्वार: रविवार शाम कोटद्वार-पुलिंडा मार्ग पर अचानक हाथियों का झुंड पहुंचने से अफरा-तफरी मच गई। जंगल से निकले हाथियों ने सड़क पर मौजूद लोगों को दौड़ा दिया। जान बचाने के लिए कई दोपहिया वाहन चालक अपने वाहन सड़क पर ही छोड़कर भाग निकले।

हाथियों ने सड़क पर खड़े कुछ दोपहिया वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया। करीब दो घंटे तक हाथियों का झुंड मार्ग पर घूमता रहा। इसके बाद हाथी वापस जंगल की ओर लौटे, जिसके बाद मार्ग पर यातायात सामान्य हो सका।

जंगल से सटा है मार्ग, आए दिन दिखते हैं हाथी

कोटद्वार-पुलिंडा मार्ग जंगल से लगा होने के कारण यहां अक्सर हाथियों की आवाजाही देखी जाती है। रविवार शाम भी लोग मार्ग पर सैर के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान हाथियों का झुंड अचानक जंगल से निकलकर सड़क पर आ गया।

हाथियों को सामने देखकर लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। सड़क से गुजर रहे दोपहिया वाहन चालक भी वाहन मौके पर छोड़कर सुरक्षित स्थान की ओर भागे। इस दौरान हाथी चिंघाड़ते हुए लोगों के पीछे दौड़े और सड़क पर खड़े वाहनों को नुकसान पहुंचाया।

वन विभाग ने लोगों को किया सतर्क

सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति पर नजर रखी। हाथियों के जंगल में लौटने के बाद यातायात बहाल किया गया।

वन विभाग ने लोगों से मार्ग पर विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। विभाग के अनुसार वर्षाकाल में जंगल में मच्छरों और कीड़े-मकौड़ों की संख्या बढ़ने के कारण कई बार हाथियों का झुंड सड़क की ओर आ जाता है। ऐसे में लोगों को हाथियों की मौजूदगी की स्थिति में दूरी बनाए रखने और सतर्कता से आवाजाही करने की सलाह दी गई है।

(Visited 317 times, 311 visits today)