देहरादून: चंपावत के पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों के लिए बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की दिशा में बड़ी पहल सामने आई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अनुरोध पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने चंपावत में ECHS (Ex-Servicemen Contributory Health Scheme) पॉलीक्लिनिक स्थापित करने के प्रस्ताव पर उचित विचार किए जाने का आश्वासन दिया है।
रक्षा मंत्री ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में बताया कि मामले की जांच कराई गई है। ECHS के केंद्रीय संगठन को चंपावत में पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों की स्वास्थ्य जरूरतों को पूरा करने के लिए ‘टाइप-D’ पॉलीक्लिनिक स्थापित करने का प्रस्ताव प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रस्ताव पर उचित विचार किया जाएगा।
स्थानीय स्तर पर मिल सकेगी स्वास्थ्य सुविधा
चंपावत समेत सीमांत क्षेत्रों में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक और उनके परिवार रहते हैं। ऐसे में पॉलीक्लिनिक की स्थापना होने पर उन्हें इलाज और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों पर निर्भरता कम हो सकती है।
रक्षा मंत्रालय की ओर से प्रस्ताव पर सकारात्मक रुख सामने आने के बाद क्षेत्र के पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों में स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने की उम्मीद बढ़ी है।
CM धामी ने केंद्र के सामने उठाया था मुद्दा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चंपावत के पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों की स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को देखते हुए रक्षा मंत्री के समक्ष ECHS पॉलीक्लिनिक स्थापित करने का प्रस्ताव रखा था।
अब रक्षा मंत्रालय की ओर से प्रस्ताव पर विचार का आश्वासन मिलने के बाद चंपावत में ECHS पॉलीक्लिनिक की स्थापना की दिशा में आगे की प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है। इससे सीमांत क्षेत्र के पूर्व सैनिकों को अपने ही क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की सुविधा मिल सकेगी।
