CM धामी की पहल से 8 साल के देव के इलाज की राह आसान, सरकार उठाएगी उपचार का खर्च

 

 

 

खटीमा: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की संवेदनशील पहल से लोहियाहेड निवासी रवि शर्मा के 8 वर्षीय बेटे देव के उपचार की राह आसान हुई है। मुख्यमंत्री ने बच्चे के समुचित इलाज की सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने और उपचार में आने वाला खर्च वहन करने के निर्देश दिए हैं।

दरअसल, गत दिवस मुख्यमंत्री लोहियाहेड में स्थानीय व्यवसायी रवि शर्मा की दुकान पर पहुंचे थे। बातचीत के दौरान रवि शर्मा ने अपने बेटे की गंभीर स्वास्थ्य समस्या के बारे में मुख्यमंत्री को जानकारी दी। उन्होंने बताया कि देव बचपन से ही स्वास्थ्य संबंधी परेशानी से जूझ रहा है और उसके हाथ-पैर काम नहीं करते। बच्चे का लंबे समय से इलाज चल रहा है और देहरादून के इंद्रेश अस्पताल में भी उपचार कराया जा चुका है।

मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद सोमवार देर शाम जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एसके गोस्वामी, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी और एसडीएम तुषार सैनी समेत चिकित्सकों की टीम बच्चे के घर पहुंची। ऑर्थो विशेषज्ञ डॉ. एचएस ऐरी और सीएमओ ने देव का स्वास्थ्य परीक्षण किया और उसकी मेडिकल हिस्ट्री की जानकारी ली।

चिकित्सकों ने आगे के उपचार के लिए सबसे पहले एमआरआई जांच कराने की सलाह दी है। रिपोर्ट आने के बाद उपचार की अगली प्रक्रिया तय की जाएगी। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल एमआरआई कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि बच्चे और उसके परिजनों को जिला चिकित्सालय ले जाने के लिए प्रशासन वाहन और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराएगा। साथ ही बेहतर उपचार के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री की पहल से देव के परिवार को बेहतर इलाज की उम्मीद जगी है। परिवार ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए उनकी मानवीय पहल के लिए धन्यवाद दिया।

 
 
(Visited 208 times, 207 visits today)