देहरादून: खाद्य पदार्थों में मिलावट और गुणवत्ता की जांच को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग ने देहरादून-मसूरी रोड के प्रमुख होटलों में विशेष अभियान चलाया। Taj, Fairfield, JW Marriott, Hyatt Centric और Hyatt Regency समेत कई प्रतिष्ठानों के किचन, स्टोर, खाद्य सामग्री और स्वच्छता व्यवस्था की जांच की गई।
जांच के दौरान Hyatt Regency से मसालों और JW Marriott से तैयार दाल के नमूने लिए गए। दोनों सैंपल प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई होगी।
पैक्ड उत्पादों पर भी नोटिस
Hyatt Regency के स्टोर में मिले गुलकंद, इंपोर्टेड ऑर्गेनो और सौंफ के पैक्ड उत्पादों को लेकर संबंधित निर्माताओं से दस्तावेज और गुणवत्ता संबंधी जानकारी मांगी गई है। इसके लिए नोटिस जारी किए गए हैं।
एनालॉग पनीर पर भी नजर
विभाग ने साफ किया है कि एनालॉग पनीर, गैर-दुग्ध उत्पादों और मिलावटी खाद्य सामग्री के इस्तेमाल या बिक्री पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। छोटे कारोबारी हों या फाइव स्टार होटल, खाद्य सुरक्षा के नियम सभी पर समान रूप से लागू होंगे।
खाद्य सुरक्षा आयुक्त विनय शंकर पांडे ने कहा कि प्रदेशवासियों और पर्यटकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। खाद्य गुणवत्ता से समझौता किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।
विभाग के मुताबिक होटल, रेस्टोरेंट, डेयरी और मिठाई प्रतिष्ठानों में औचक जांच का अभियान आगे भी जारी रहेगा। सैंपल की रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।

