Site icon The Mountain People

खैनूरी की टूटी सड़क पर सीएम धामी का एक्शन, तुरंत बहाली के दिए निर्देश

 

 

 

चमोली: चमोली जिले के दशोली विकासखंड स्थित खैनूरी गांव को जोड़ने वाली सड़क के आपदा में क्षतिग्रस्त होने के मामले में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तत्काल संज्ञान लिया है। ग्रामीणों से सीधे बातचीत के बाद मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी चमोली और संबंधित विभागों को सड़क को प्राथमिकता के आधार पर जल्द दुरुस्त कर आवागमन बहाल करने के निर्देश दिए हैं।

ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री को दूरभाष पर बताया कि आपदा के कारण गांव तक पहुंचने वाली सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है, जिससे करीब 120 परिवारों का संपर्क प्रभावित हो गया है और दैनिक आवागमन में भारी दिक्कतें आ रही हैं।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मौके का तत्काल निरीक्षण कर सड़क की मरम्मत का कार्य शुरू किया जाए और ग्रामीणों के लिए सुरक्षित आवागमन जल्द से जल्द सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर सभी जरूरी संसाधन उपलब्ध कराए जाएं।

सीएम धामी ने कहा कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, बिजली और अन्य मूलभूत सुविधाओं की बहाली में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी विभाग समन्वय के साथ काम करते हुए जनसुविधाओं को शीघ्र बहाल करें।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों से मिलने वाली शिकायतों का संवेदनशीलता के साथ त्वरित समाधान किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता आपदा प्रभावित क्षेत्रों में सामान्य जनजीवन को जल्द से जल्द पटरी पर लाना और हर नागरिक की समस्या का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है।

 
 
Exit mobile version