Site icon The Mountain People

उत्तराखंड में अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान (AIIA) की कवायद तेज, मुख्य सचिव ने केंद्र से मांगी मंजूरी

 

 

 

 

देहरादून :  उत्तराखंड में अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान (AIIA) की स्थापना को लेकर राज्य सरकार ने प्रयास तेज कर दिए हैं। मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने नई दिल्ली में आयुष मंत्रालय के सचिव से मुलाकात कर ऊधम सिंह नगर में संस्थान स्थापित करने के प्रस्ताव पर विस्तार से चर्चा की और केंद्र सरकार से जल्द स्वीकृति देने का आग्रह किया।

बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने कहा कि उत्तराखंड आयुर्वेद, योग और प्राकृतिक चिकित्सा की समृद्ध परंपरा वाला राज्य है। ऋषिकेश पहले से ही विश्व की योग राजधानी के रूप में पहचान बना चुका है, ऐसे में राज्य में AIIA की स्थापना आयुष क्षेत्र को नई ऊंचाई देगी।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने संस्थान के लिए सभी मानकों के अनुरूप विवादमुक्त भूमि चिन्हित कर प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेज दिया है। प्रस्तावित स्थल राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय संपर्क सुविधाओं से जुड़ा है तथा भविष्य में विकसित होने वाले एम्स सैटेलाइट सेंटर के निकट होने के कारण इसे समेकित चिकित्सा (इंटीग्रेटिव मेडिसिन) का प्रमुख केंद्र बनाया जा सकता है।

मुख्य सचिव ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार इस परियोजना के लिए भूमि, सड़क, बिजली, पेयजल, ड्रेनेज समेत सभी आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह तैयार है।

उन्होंने विश्वास जताया कि संस्थान की स्थापना से उत्तराखंड में आयुर्वेद शिक्षा, शोध, उपचार और चिकित्सा पर्यटन को नई गति मिलेगी। साथ ही राज्य देश में आयुष आधारित स्वास्थ्य सेवाओं और समेकित चिकित्सा के प्रमुख केंद्र के रूप में अपनी पहचान और मजबूत करेगा।

 
 
 
Exit mobile version