सृष्टि कंडारी केस में बड़ा एक्शन: पति और ननद गिरफ्तार, वायरल वीडियो बना जांच का अहम आधार

photo- jagran

 

 

 

 

डोईवाला (देहरादून): सरकारी शिक्षिका सृष्टि कंडारी की संदिग्ध मौत ने पूरे उत्तराखंड को झकझोर दिया था। सोशल मीडिया पर सामने आए भावुक वीडियो, परिजनों के गंभीर आरोप और बढ़ते जनदबाव के बीच अब पुलिस ने मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए मृतका के पति सौरभ खत्री और ननद सुरभि खत्री उर्फ चारू को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को मेडिकल परीक्षण के बाद न्यायिक प्रक्रिया के लिए पुलिस अपने साथ ले गई।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी डोईवाला के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई थी। पुलिस ने शुरुआती जांच, गवाहों के बयान और उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर यह कार्रवाई की है।

क्या है पूरा मामला?

29 जुलाई को श्रीनगर (पौड़ी गढ़वाल) निवासी सीमा कंडारी ने डोईवाला कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनकी बेटी सृष्टि कंडारी, जो एक सरकारी शिक्षिका थीं, की शादी नवंबर 2025 में हर्रावाला निवासी सौरभ खत्री से हुई थी। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही दहेज की मांग को लेकर सृष्टि को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता रहा।

शिकायत में पति, सास और ननद पर दहेज उत्पीड़न और प्रताड़ना के चलते सृष्टि की मौत का आरोप लगाया गया, जिसके बाद पुलिस ने दहेज मृत्यु समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

वायरल वीडियो बना अहम कड़ी

जांच के दौरान मृतका की मां ने पुलिस को एक वीडियो सौंपा, जिसमें सृष्टि अपने साथ हो रही कथित प्रताड़ना का जिक्र करती नजर आ रही थी। यह वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हुआ और मामले ने प्रदेशभर में व्यापक चर्चा छेड़ दी। पुलिस इस वीडियो समेत अन्य डिजिटल और फोरेंसिक साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।

गिरफ्तारी के बाद आगे क्या?

पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर शनिवार को पति सौरभ खत्री (36) और ननद सुरभि खत्री उर्फ चारू (37) को हर्रावाला स्थित उनके आवास से गिरफ्तार कर लिया। दोनों से पूछताछ जारी है। वहीं, मामले में नामजद अन्य आरोपी की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

CB-CID जांच के भी दिए गए हैं निर्देश

इस मामले ने राजनीतिक स्तर पर भी तूल पकड़ा था। परिजनों की निष्पक्ष जांच की मांग के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रकरण की CB-CID जांच के निर्देश दिए हैं। अब पुलिस की कार्रवाई और सीबी-सीआईडी जांच, दोनों पर प्रदेश की नजर बनी हुई है।

(Visited 135 times, 135 visits today)