‘हर घर तिरंगा’ से गूंजेगा उत्तराखंड: भाजपा ने 10 से 15 अगस्त तक राज्यव्यापी अभियान का किया ऐलान

 

 

 

देहरादून: स्वतंत्रता दिवस से पहले उत्तराखंड में भाजपा बड़े स्तर पर ‘हर घर तिरंगा’ और ‘तिरंगा यात्रा’ अभियान चलाने जा रही है। 10 से 15 अगस्त तक चलने वाले इस अभियान के तहत घर-घर तिरंगा फहराने के साथ तिरंगा यात्राएं, शहीद परिवारों का सम्मान, स्वच्छता अभियान और जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पार्टी का लक्ष्य समाज के हर वर्ग को ‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प से जोड़ना है।

प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए प्रदेश स्तर पर विशेष टीम का गठन किया गया है। प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेंद्र बिष्ट को अभियान का संयोजक बनाया गया है, जबकि गुंजन सुखीजा, गौरव पांडेय और विपुल मैंदोली को सह-संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

13 से 15 अगस्त तक हर घर पर तिरंगा लगाने का लक्ष्य

भाजपा के अनुसार, 10 अगस्त से अभियान की शुरुआत होगी और 13 से 15 अगस्त के बीच प्रत्येक मंडल में घर-घर राष्ट्रीय ध्वज फहराने पर विशेष जोर रहेगा। अभियान में सांसद, विधायक, मंत्री, जनप्रतिनिधि और पार्टी कार्यकर्ता सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

तिरंगा यात्रा से लेकर शहीद परिवारों के सम्मान तक होंगे कार्यक्रम

प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने बताया कि अभियान के दौरान प्रत्येक मंडल में भव्य तिरंगा यात्राएं निकाली जाएंगी। युवा मोर्चा के नेतृत्व में आयोजित इन यात्राओं में बड़ी संख्या में युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

इसके अलावा कार्यक्रमों में शामिल होंगे—

  • शहीद स्मारकों और महापुरुषों की प्रतिमाओं पर स्वच्छता अभियान एवं श्रद्धांजलि।
  • वीर सैनिकों और शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों का सम्मान।
  • विद्यार्थियों और युवाओं के बीच राष्ट्रभक्ति एवं संवैधानिक कर्तव्यों पर जागरूकता अभियान।
  • समाज के प्रबुद्ध नागरिकों, पूर्व सैनिकों, सुरक्षा बलों, महिला एवं युवा संगठनों की सहभागिता।
  • सीमावर्ती क्षेत्रों में अनुमति के अनुसार सैनिकों का सम्मान कार्यक्रम।

‘राष्ट्र प्रथम’ के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने की तैयारी

प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर शुरू हुआ ‘हर घर तिरंगा’ अभियान अब जनभागीदारी का राष्ट्रीय अभियान बन चुका है। उनका कहना है कि तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, गौरव और विकास का प्रतीक है। इसी भावना के साथ इस वर्ष भी व्यापक जनसहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।

भाजपा का दावा है कि इस अभियान के जरिए स्वतंत्रता दिवस को केवल एक औपचारिक आयोजन तक सीमित न रखकर, राष्ट्रभक्ति और जनजागरण के उत्सव के रूप में मनाया जाएगा।

(Visited 19 times, 19 visits today)