देहरादून: भारी बारिश से क्षतिग्रस्त देहरादून–मसूरी मार्ग पर लोक निर्माण मंत्री सतपाल महाराज ने शुक्रवार को अचानक निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने मसूरी के कोल्हूखेत के पास पानी वाले बैंड क्षेत्र और देहरादून–मसूरी राज्य मार्ग पर निर्माणाधीन डबल लेन पुल का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को तय समयसीमा के भीतर सभी कार्य पूरे करने के निर्देश दिए।
मंत्री ने कहा कि हाल की भारी बारिश के कारण पानी वाले मोड़ के पास सड़क का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। विभाग ने तत्काल जेसीबी मशीनों की मदद से मरम्मत कार्य शुरू कर दिया है और अतिरिक्त पहाड़ी कटान का कार्य भी कराया जा रहा है, ताकि मार्ग को पूरी तरह सुरक्षित बनाया जा सके।
उन्होंने बताया कि विशेषज्ञ संस्था यूएसएसडीएमसी (USDMA) द्वारा सड़क के संवेदनशील हिस्सों का निरीक्षण किया गया है, जिसके आधार पर सुरक्षा संबंधी कार्य जल्द शुरू किए जाएंगे।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने देहरादून–मसूरी मार्ग के किलोमीटर-18 पर बन रहे 12 करोड़ रुपये की लागत वाले 60 मीटर लंबे डबल लेन स्टील बॉक्स पुल के निर्माण की भी समीक्षा की। अधिकारियों ने जानकारी दी कि पुल का फैब्रिकेशन कार्य पूरी तरह पूरा हो चुका है और ग्राउंड इरेक्शन का कार्य तेजी से चल रहा है, जिसे 30 जुलाई 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
मंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क और पुल दोनों परियोजनाओं में गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए और मानसून के दौरान यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि देहरादून–मसूरी मार्ग प्रदेश के सबसे व्यस्त पर्यटन मार्गों में से एक है, इसलिए यातायात को जल्द से जल्द पूरी तरह सुचारु करना आवश्यक है।
निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता राजेश शर्मा, अधीक्षण अभियंता ओ.पी. सिंह, अधिशासी अभियंता राजेश कुमार सहित विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।