देहरादून: बॉलीवुड अभिनेता अमन वर्मा ने शुक्रवार को उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद के कार्यालय पहुंचकर राज्य की नई फिल्म नीति और शूटिंग सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान परिषद के नोडल अधिकारी के.एस. चौहान ने उनका स्वागत करते हुए उन्हें जागेश्वर मंदिर का प्रतीक चिन्ह भेंट किया।
बैठक के दौरान अमन वर्मा ने उत्तराखंड की फिल्म नीति की सराहना करते हुए कहा कि राज्य प्राकृतिक सौंदर्य और विविध लोकेशनों से भरपूर है। उन्होंने संकेत दिए कि वह जल्द ही उत्तराखंड में किसी फिल्म या अन्य प्रोजेक्ट की शूटिंग करने पर विचार करेंगे।
नोडल अधिकारी के.एस. चौहान ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में लागू की गई फिल्म नीति का उद्देश्य उत्तराखंड को देश के प्रमुख फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करना है। इसके तहत हिंदी और क्षेत्रीय भाषाओं की फिल्मों को अधिकतम तीन करोड़ रुपये तक की सब्सिडी दी जा रही है, जबकि वेब सीरीज और विदेशी फिल्मों को भी प्रोत्साहन योजना में शामिल किया गया है।
उन्होंने बताया कि फिल्म निर्माताओं की सुविधा के लिए सिंगल विंडो सिस्टम लागू किया गया है, जिसके माध्यम से सात दिनों के भीतर ऑनलाइन शूटिंग अनुमति जारी की जाती है। इसके अलावा शूटिंग शुल्क में छूट, सुरक्षा व्यवस्था और जीएमवीएन व केएमवीएन गेस्ट हाउसों में विशेष रियायत जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।
परिषद के अनुसार, वर्तमान में उत्तराखंड में हर वर्ष 200 से अधिक फिल्में, वेब सीरीज और टीवी धारावाहिकों की शूटिंग हो रही है, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और पर्यटन को भी बढ़ावा मिल रहा है।
इस अवसर पर यह भी जानकारी दी गई कि अभिनेता अमन वर्मा 26 जुलाई 2026 को शाम 7 बजे देहरादून के हिमालयन कल्चरल सेंटर, नींबूवाला में “किस्मत पैलेस” नाटक का मंचन करेंगे।
