CM ने अधिकारियों को दिए निर्देश, हर शिकायत का संवेदनशीलता, पारदर्शिता और तय समय में हो निस्तारण
The Mountain People
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित जनसुनवाई के दौरान प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि हर शिकायत का तय समय सीमा के भीतर प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनहित और सुशासन राज्य सरकार की प्राथमिकता है। आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए प्रशासन को संवेदनशील और जवाबदेह बनना होगा। उन्होंने कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता न रहे, बल्कि शिकायतकर्ता को समाधान की प्रगति की जानकारी भी समय-समय पर दी जाए।
सीएम धामी ने कहा कि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना सरकार की जिम्मेदारी है और हर अधिकारी को जनसेवा की भावना के साथ कार्य करना चाहिए। उन्होंने दो टूक कहा कि जन शिकायतों के समाधान में किसी भी तरह की अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप और आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराया जाए। जिन मामलों का समाधान जिला या विभागीय स्तर पर संभव है, उन्हें तत्काल निपटाया जाए, जबकि उच्च स्तर के मामलों को बिना विलंब संबंधित विभागों को भेजा जाए।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि जनसुनवाई प्रणाली को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी और परिणामोन्मुख बनाया जाए, ताकि प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को समय पर राहत और न्याय मिल सके।