देहरादून में मनाया गया GST दिवस 2026, उत्कृष्ट करदाताओं और अधिकारियों को किया गया सम्मानित

 

 

 

देहरादून: केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (सीजीएसटी) आयुक्तालय, देहरादून की ओर से बुधवार को आईआरडीटी सभागार में जीएसटी दिवस-2026 का आयोजन किया गया। इस वर्ष कार्यक्रम “सुगम कर व्यवस्था, सशक्त भारत” थीम के साथ आयोजित हुआ, जिसमें वस्तु एवं सेवा कर (GST) के सफलतापूर्वक नौ वर्ष पूरे होने पर कर व्यवस्था में आए बदलावों और उपलब्धियों पर चर्चा की गई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तराखंड शासन के सचिव (वित्त) दिलीप जावलकर ने कहा कि जीएसटी देश की कर व्यवस्था में एक ऐतिहासिक सुधार है, जिसने “एक राष्ट्र, एक कर, एक बाज़ार” की अवधारणा को सफलतापूर्वक साकार किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “सरलीकरण एवं समाधान” के विजन का उल्लेख करते हुए करदाताओं और कर प्रशासन के बीच विश्वास एवं सहयोग को और मजबूत करने पर बल दिया। उन्होंने सभी हितधारकों से कर अनुपालन और पारदर्शिता की दिशा में इसी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

सीजीएसटी आयुक्त, देहरादून डॉ. अशोक कुमार पाण्डे ने अपने स्वागत संबोधन में केंद्र और राज्य जीएसटी प्रशासन के बेहतर समन्वय की सराहना की। उन्होंने स्वैच्छिक कर अनुपालन के माध्यम से राष्ट्र निर्माण और राजस्व वृद्धि में करदाताओं की महत्वपूर्ण भूमिका की प्रशंसा की।

इस अवसर पर जीएसटी अपीलीय प्राधिकरण, देहरादून के तकनीकी सदस्य अमंद शाह और न्यायिक सदस्य राजेश जैन ने जीएसटी अपीलीय प्राधिकरण के कार्यारंभ की जानकारी देते हुए करदाताओं से अपनी अपीलें देहरादून स्थित प्राधिकरण में प्रस्तुत करने का आग्रह किया।

इन करदाताओं को मिला सम्मान

उत्कृष्ट कर अनुपालन, राजस्व संवर्धन और राष्ट्र निर्माण में योगदान के लिए तीन प्रमुख औद्योगिक संस्थानों को सम्मानित किया गया—

  • एम/एस अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड, रुड़की
  • एम/एस नेस्ले इंडिया लिमिटेड, रुद्रपुर
  • एम/एस भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (BHEL), हरिद्वार

इसके अलावा उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभागीय अधिकारियों को भी प्रशस्ति-पत्र और सम्मान प्रदान किए गए।

कार्यक्रम के सांस्कृतिक सत्र में सुश्री लक्ष्मी मिश्रा के नेतृत्व में जेएमएस संगीत अकादमी के वरिष्ठ कलाकारों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम का समापन संयुक्त आयुक्त सुश्री श्रिया गुप्ता के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। राष्ट्रगीत से शुरू हुआ समारोह राष्ट्रगान के साथ संपन्न हुआ।

(Visited 4 times, 2 visits today)