कतर हादसे में जान गंवाने वाले सभी 12 भारतीयों के शव स्वदेश पहुंचे, शोक में डूबा देश

 

 

 

नई दिल्ली: कतर के रास लाफान इंडस्ट्रियल सिटी स्थित बरजान गैस सप्लाई सुविधा में हुए भीषण विस्फोट में जान गंवाने वाले सभी 12 भारतीय नागरिकों के शव स्वदेश पहुंचा दिए गए हैं। शनिवार को आठ और भारतीयों के पार्थिव शरीर भारत लाए गए, जबकि एक दिन पहले चार शव लाए गए थे।

यह हादसा कतरएनर्जी एलएनजी द्वारा संचालित बरजान गैस सप्लाई सुविधा में हुआ था, जिसमें कुल 13 लोगों की मौत हुई थी। मृतकों में 12 भारतीय और एक पाकिस्तानी नागरिक शामिल थे।

भारतीय दूतावास ने कतर सरकार, स्थानीय प्रशासन, भारतीय समुदाय के संगठनों और भारत की विभिन्न सरकारी एजेंसियों का आभार व्यक्त किया, जिन्होंने शवों की स्वदेश वापसी की प्रक्रिया को त्वरित और सुचारु रूप से पूरा करने में सहयोग दिया। साथ ही पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा भी दिया गया।

इस बीच कतर में भारत के राजदूत विपुल और दूतावास के अधिकारियों ने अलखोर क्षेत्र का दौरा कर अस्पतालों में भर्ती घायल भारतीय नागरिकों से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। हादसे में कुल 66 लोग घायल हुए हैं, जिनमें भारत, कतर, पाकिस्तान, बांग्लादेश और नेपाल के नागरिक शामिल हैं।

भारतीय दूतावास ने कहा कि घायलों के उपचार और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के प्रयास लगातार जारी हैं।

(Visited 626 times, 1 visits today)