कैबिनेट बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री खंडूड़ी और निशानेबाज जसपाल राणा को श्रद्धांजलि, दो मिनट का रखा गया मौन

 

 

 

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में गुरुवार को सचिवालय में आयोजित मंत्रिमंडल की बैठक की शुरुआत श्रद्धांजलि के साथ हुई। बैठक में उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी तथा देश के प्रख्यात निशानेबाज एवं पद्मश्री सम्मानित जसपाल राणा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया गया।

मंत्रिमंडल के सदस्यों और वरिष्ठ अधिकारियों ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान दोनों महान हस्तियों के योगदान को याद करते हुए उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया गया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी ने उत्तराखंड के विकास, सुशासन और जनहित के कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सार्वजनिक जीवन में उनकी ईमानदार कार्यशैली, अनुशासन और दूरदर्शी नेतृत्व हमेशा प्रेरणा देता रहेगा।

मुख्यमंत्री ने प्रसिद्ध निशानेबाज पद्मश्री जसपाल राणा को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी असाधारण प्रतिभा और उपलब्धियों के माध्यम से देश और उत्तराखंड का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया। खेल जगत में उनका योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा।

कैबिनेट बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने दोनों दिवंगत हस्तियों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए उनके योगदान को अविस्मरणीय बताया।

(Visited 2 times, 1 visits today)