पद्म भूषण से सम्मानित होने पर मुख्यमंत्री धामी ने दी भगत सिंह कोश्यारी को बधाई, कहा- उत्तराखंड का बढ़ाया गौरव
The Mountain People
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को उत्तराखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी के आवास पर पहुंचकर उन्हें भारत सरकार द्वारा देश के प्रतिष्ठित नागरिक सम्मान “पद्म भूषण” से सम्मानित किए जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री कोश्यारी को पद्म भूषण से सम्मानित किया जाना केवल उत्तराखण्ड ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उनके दशकों लंबे सार्वजनिक जीवन, राष्ट्रसेवा, सामाजिक सरोकारों तथा जनकल्याण के प्रति समर्पित योगदान की राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री कोश्यारी ने अपने राजनीतिक एवं सार्वजनिक जीवन में सदैव जनसेवा, सादगी और राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उत्तराखण्ड राज्य आंदोलन से लेकर प्रदेश के विकास तथा राष्ट्र निर्माण की विभिन्न जिम्मेदारियों के निर्वहन में उनका योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री, सांसद, राज्यपाल और सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में भगत सिंह कोश्यारी द्वारा स्थापित आदर्श नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका जीवन संघर्ष, सेवा और समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण है तथा उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक पहचान, सामाजिक चेतना और विकास के विभिन्न आयामों को सशक्त बनाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि श्री कोश्यारी का अनुभव, मार्गदर्शन और राष्ट्र के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों को निरंतर प्रेरित करता रहेगा।