चकराता में महिला के कथित मतांतरण और पहचान छिपाने का मामला, आरोपी युवक पर मुकदमा दर्ज
The Mountain People
TMP: चकराता क्षेत्र में एक महिला को कथित रूप से फर्जी पहचान के जरिए गुमराह कर मतांतरण कराने के आरोप में पुलिस ने मामला दर्ज किया है। शिकायत के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ उत्तराखंड धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम, अनुसूचित जाति एवं जनजाति अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पीड़िता के पति द्वारा कोतवाली में दी गई तहरीर के अनुसार आरोपी युवक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर “अमन तोमर” नाम से फर्जी आईडी बनाकर महिला से संपर्क किया। आरोप है कि धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और युवक ने अपनी वास्तविक पहचान छिपाकर महिला को अपने प्रभाव में लिया।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि बाद में युवक ने महिला पर दबाव बनाकर उसका मतांतरण कराया और उसे उत्तर प्रदेश के देवबंद ले जाने की योजना बना रहा था। इसी दौरान महिला के पति को शक हुआ और वह अपनी ससुराल पहुंचा, जहां कथित तौर पर उसने आरोपी को महिला के साथ कमरे में देखा।
तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि दरवाजा खटखटाने पर आरोपी रोशनदान के रास्ते भाग गया और बाद में पकड़े जाने पर उसने गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी दी। शिकायतकर्ता ने जातिसूचक शब्द कहने और महिला की निजी तस्वीरें एवं वीडियो अन्य लोगों को भेजने के भी गंभीर आरोप लगाए हैं।
पुलिस के अनुसार मामले में जांच जारी है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। मामले की विवेचना सीओ सहसपुर द्वारा की जा रही है।
चकराता कोतवाली के एसएसआई कृष्ण कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी युवक की तलाश में पुलिस टीम लगातार कार्रवाई कर रही है।