देहरादून: CM पुष्कर सिंह धामी ने 19 अप्रैल से प्रारंभ हो रही चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए उनकी मंगलमय यात्रा की कामना की है।
मुख्यमंत्री ने देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए कहा कि वे केदारनाथ धाम, गंगोत्री धाम, यमुनोत्री धाम और बद्रीनाथ धाम से प्रार्थना करते हैं कि इस वर्ष भी यात्रा सकुशल संपन्न हो।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि इस बार की चारधाम यात्रा पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ सकती है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार यात्रा को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए हर स्तर पर तैयारियों की लगातार समीक्षा कर रही है।
उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा उत्तराखंड के लिए एक उत्सव के समान है, जिसमें लाखों श्रद्धालु आस्था के साथ देवभूमि पहुंचते हैं। सरकार का प्रयास है कि हर यात्री की यात्रा सुगम, सुरक्षित और यादगार बने।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों और संबंधित विभागों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सभी मिलकर इस यात्रा को सफल बनाएं, ताकि श्रद्धालु यहां से सकारात्मक अनुभव लेकर जाएं और देवभूमि का संदेश देश-दुनिया तक पहुंचे।
उन्होंने सफाई कर्मियों, पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों से भी अपील की कि वे अपने दायित्वों का समर्पण भाव से निर्वहन करें, जिससे किसी भी श्रद्धालु को असुविधा न हो।
मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि आपसी सहयोग और भगवान के आशीर्वाद से चारधाम यात्रा-2026 को सुरक्षित, सफल और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जाएगा।