Site icon The Mountain People

चारधाम यात्रा की तैयारी तेज: ग्रीन कार्ड प्रक्रिया जल्द शुरू, QR भुगतान की सुविधा मिलेगी

 

 

 

ऋषिकेश: चारधाम यात्रा सीजन को देखते हुए परिवहन विभाग ने ग्रीन कार्ड जारी करने की तैयारी तेज कर दी है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार 30 मार्च से पहले ग्रीन कार्ड बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। इस बार व्यवस्था को और सरल बनाने के लिए शुल्क भुगतान में QR कोड की सुविधा भी जोड़ी जा रही है।

चारधाम यात्रा के दौरान सभी प्रकार के व्यावसायिक वाहनों के लिए ग्रीन कार्ड अनिवार्य होता है। वाहन की फिटनेस, परमिट और जरूरी दस्तावेजों की जांच के बाद ही परिवहन विभाग द्वारा यह कार्ड जारी किया जाता है। बिना ग्रीन कार्ड के यात्रा करने पर सख्त कार्रवाई की जाती है और रास्ते में चेक पोस्टों पर इसकी नियमित जांच होती है।

पहले 23 मार्च से प्रक्रिया शुरू करने की योजना थी, लेकिन तकनीकी अपडेट के चलते इसे कुछ दिन आगे बढ़ा दिया गया। दरअसल, विभाग सॉफ्टवेयर में डिजिटल भुगतान को शामिल कर रहा था, ताकि चालक और संचालकों को नकद लेनदेन की परेशानी न हो।

एआरटीओ प्रशासन आरएस कटारिया ने बताया कि सॉफ्टवेयर अपडेट का कार्य लगभग पूरा हो चुका है और जल्द ही ग्रीन कार्ड जारी करने का काम शुरू कर दिया जाएगा। नई व्यवस्था से प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और तेज होने की उम्मीद है, जिससे यात्रा के दौरान अनावश्यक देरी से बचा जा सकेगा।

 
Exit mobile version