देहरादून–पिथौरागढ़ के बीच हवाई कनेक्टिविटी मजबूत, सीएम धामी ने 42 सीटर विमान सेवा का किया शुभारंभ

 

 

 

 

देहरादून: CM धामी ने गुरुवार को जौलीग्रांट एयरपोर्ट से देहरादून–पिथौरागढ़–देहरादून विमान सेवा का शुभारंभ किया। इस नई सेवा के तहत Alliance Air द्वारा 42 सीटर विमान संचालित किया जाएगा, जिससे दोनों शहरों के बीच यात्रा अब मात्र एक घंटे में पूरी हो सकेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रामनवमी के शुभ अवसर पर शुरू हुई यह सेवा सीमांत जनपद पिथौरागढ़ के लिए बड़ी सौगात है। उन्होंने इसे सामरिक दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे सीमावर्ती क्षेत्रों की कनेक्टिविटी और अधिक सुदृढ़ होगी।

उन्होंने कहा कि एक समय था जब हवाई यात्रा केवल विशेष वर्ग तक सीमित मानी जाती थी, लेकिन आज नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आम नागरिक भी सस्ती हवाई सेवाओं का लाभ उठा रहा है। वर्ष 2016 में शुरू की गई UDAN योजना ने देश के दूरस्थ और छोटे शहरों को हवाई नेटवर्क से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्र सरकार ने हाल ही में उड़ान योजना 2.0 को मंजूरी दी है, जिसके तहत अगले 10 वर्षों में लगभग 29 हजार करोड़ रुपये की लागत से 100 नए हवाई अड्डों और 200 हेलीपैड विकसित किए जाएंगे। इसका उद्देश्य टियर-2 और टियर-3 शहरों सहित पहाड़ी और दूरस्थ क्षेत्रों में कनेक्टिविटी को मजबूत करना है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य में हवाई सेवाएं केवल परिवहन का साधन नहीं, बल्कि जीवन रेखा बन चुकी हैं। आपात स्थितियों में मरीजों को त्वरित उपचार, आवश्यक सामग्री की आपूर्ति और आपदा प्रबंधन में इन सेवाओं की अहम भूमिका है। वर्तमान में राज्य में उड़ान योजना के तहत 26 हवाई मार्गों पर संचालन हो रहा है, जबकि “उत्तराखंड एयर कनेक्टिविटी योजना” के तहत 6 मार्गों पर नियमित उड़ानें संचालित की जा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस सेवा से पिथौरागढ़ की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। साथ ही उन्होंने बताया कि पिथौरागढ़ हवाई अड्डे को लगभग ₹450 करोड़ की लागत से विकसित किया जा रहा है। राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण और राज्य सरकार के बीच नैनी सैनी हवाई अड्डे के अधिग्रहण हेतु एमओयू भी किया गया है।

कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने वीडियो संदेश के माध्यम से इस सेवा के शुभारंभ पर बधाई दी और राज्य में हवाई सेवाओं के विस्तार का आश्वासन दिया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री, जनप्रतिनिधि और संबंधित विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।

(Visited 4,955 times, 1 visits today)