‘मोहम्मद दीपक’ मामले में हाई कोर्ट सख्त, सरकार से स्टेटस रिपोर्ट और दीपक से डोनेशन का हिसाब मांगा

 

 

 

नैनीताल: उत्तराखंड हाई कोर्ट ने कोटद्वार के बहुचर्चित ‘मोहम्मद दीपक’ मामले में सुनवाई करते हुए राज्य सरकार को इस प्रकरण से जुड़े मुकदमों की स्टेटस रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही जिम संचालक दीपक कुमार को अपने बैंक खाते में आ रहे डोनेशन या चंदे का पूरा ब्यौरा शपथपत्र के साथ कोर्ट में प्रस्तुत करने को कहा है। मामले में अगली सुनवाई 19 मार्च को निर्धारित की गई है।

मंगलवार को न्यायमूर्ति राकेश थपलियाल की एकलपीठ में दीपक कुमार की याचिका पर सुनवाई हुई। याचिकाकर्ता ने अपने खिलाफ दर्ज मुकदमे में गिरफ्तारी पर रोक लगाने और पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग करते हुए हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है।

क्या हैं आरोप

याचिका के अनुसार, 28 जनवरी को कमल प्रसाद नामक व्यक्ति की शिकायत पर दीपक कुमार और उसके सहयोगी विजय रावत के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप है कि उन्होंने गाली-गलौज की, धमकी दी और मोबाइल फोन छीन लिया।

प्राथमिकी रद्द करने की मांग

दीपक कुमार ने इस प्राथमिकी को रद्द करने की मांग करते हुए हाई कोर्ट में याचिका दाखिल की है। उनके अधिवक्ता का कहना है कि घटना का वीडियो होने के बावजूद पुलिस ने पहले अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया, जबकि बाद में दीपक को नामजद कर उन्हें प्रताड़ित किया गया।

डोनेशन का हिसाब देने के निर्देश

सुनवाई के दौरान दीपक की ओर से अदालत को बताया गया कि घटना का वीडियो वायरल होने के बाद कई लोग सहानुभूति के आधार पर उनके बैंक खाते में चंदा या डोनेशन भेज रहे हैं। इस पर कोर्ट ने उन्हें शपथपत्र के साथ खाते में आई रकम का पूरा विवरण पेश करने को कहा है।

इसके साथ ही अदालत ने राज्य सरकार से 26 जनवरी की घटना में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी और दीपक पर दर्ज मुकदमे की स्टेटस रिपोर्ट भी कोर्ट में पेश करने के निर्देश दिए हैं।

क्या है पूरा मामला

बताया जाता है कि 26 जनवरी को कोटद्वार में बुजुर्ग मुस्लिम दुकानदार वकील अहमद की दुकान में ‘बाबा’ शब्द लिखे होने को लेकर बजरंग दल से जुड़े कुछ लोगों ने हंगामा कर दिया था।

इस दौरान जिम संचालक दीपक कुमार ने बुजुर्ग दुकानदार के समर्थन में बीच-बचाव किया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें दीपक खुद को “मोहम्मद दीपक” बताते नजर आए।

इस घटना के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी और आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह ने दिल्ली में दीपक को सम्मानित भी किया था।

(Visited 471 times, 471 visits today)