देहरादून: उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के आपदा मित्र कार्यक्रम से जुड़े दो समर्पित स्वयंसेवक—दलवीर सिंह राणा (जनपद उत्तरकाशी) एवं सुशील कैंतुरा (जनपद देहरादून)—ने 77वें गणतंत्र दिवस समारोह-2026 के अंतर्गत कर्तव्य पथ पर आयोजित रिपब्लिक डे सेलिब्रेशन (RDC) कार्यक्रम में देशभर से आए अन्य आपदा मित्र स्वयंसेवकों के साथ सक्रिय सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान दोनों स्वयंसेवकों को राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) एवं राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) के वरिष्ठ अधिकारियों से संवाद एवं विचार-विमर्श का अवसर मिला। इस दौरान आपदा प्रबंधन की सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों, फील्ड स्तर के अनुभवों तथा स्वयंसेवकों की महत्वपूर्ण भूमिका पर विस्तृत चर्चा हुई।
गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह से पूर्व सभी आपदा मित्र स्वयंसेवकों ने राष्ट्रपति भवन का भ्रमण किया, जहाँ उन्हें माननीय राष्ट्रपति महोदया से भेंट करने का गौरव प्राप्त हुआ। यह क्षण स्वयंसेवकों के लिए अत्यंत प्रेरणादायी और अविस्मरणीय रहा।
इसके साथ ही, आपदा के समय राहत एवं बचाव कार्यों में उनके अनुकरणीय योगदान, तत्परता और निस्वार्थ सेवा भावना के लिए दोनों स्वयंसेवकों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कर्तव्य पथ पर आपदा मित्र स्वयंसेवकों की झांकी भी दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रही, जिसने आपदा प्रबंधन में स्वयंसेवकों की भूमिका को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
