देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी को पद्म भूषण सम्मान दिए जाने की घोषणा पर प्रसन्नता व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने इसे पूरे प्रदेश के लिए गौरव का क्षण बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोश्यारी को यह प्रतिष्ठित सम्मान उनके दीर्घकालीन सार्वजनिक जीवन, राष्ट्रसेवा और समाज के प्रति समर्पण का उचित सम्मान है। उन्होंने कहा कि श्री कोश्यारी का जीवन सादगी, सिद्धांतों और अनुशासन का प्रतीक रहा है तथा उन्होंने हमेशा जनहित को सर्वोपरि रखा।
सीएम धामी ने कहा कि भगत सिंह कोश्यारी ने अपने राजनीतिक और सार्वजनिक जीवन में उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि देश के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। पर्वतीय क्षेत्रों के उत्थान, सामाजिक समरसता को मजबूत करने और सांस्कृतिक चेतना के संरक्षण में उनके योगदान को सदैव याद किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोश्यारी का जीवन संघर्ष, मूल्यों की राजनीति और जिम्मेदार सार्वजनिक आचरण का प्रेरणादायी उदाहरण है, जिससे आने वाली पीढ़ियां मार्गदर्शन प्राप्त करेंगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों की ओर से भगत सिंह कोश्यारी को इस सम्मान के लिए हार्दिक बधाई देते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की।

