देहरादून: 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर रविवार को लोक भवन, देहरादून में राज्य स्तरीय राष्ट्रीय मतदाता दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मंच पर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, सचिव निर्वाचन दिलीप जावलकर, अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे एवं जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल उपस्थित रहे।
राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया तथा उपस्थित नागरिकों को मतदाता शपथ दिलाई। उन्होंने निर्वाचन गतिविधियों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले जनपद रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, चम्पावत एवं बागेश्वर के जिलाधिकारियों को सम्मानित किया। इसके साथ ही ईआरओ रुड़की, खटीमा एवं चकराता को प्री-एसआईआर के दौरान उत्कृष्ट कार्य हेतु सम्मान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने स्टेट आईकॉन पद्मश्री बसंती बिष्ट, ओलंपियन मनीष रावत एवं नुंग्शी मलिक को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर देहरादून जनपद के 18 वर्ष आयु पूर्ण कर चुके नए मतदाताओं को मतदाता पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने सभी प्रदेशवासियों को राष्ट्रीय मतदाता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति सजग, जागरूक और सक्रिय नागरिक होते हैं। मतदान केवल एक अधिकार नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक और संवैधानिक कर्तव्य है।
उन्होंने सभी से प्रत्येक निर्वाचन में अनिवार्य रूप से अपने मत का प्रयोग करने का आह्वान करते हुए कहा कि जब हर नागरिक मतदान करता है, तब भारत का लोकतंत्र और अधिक मजबूत बनता है।
राज्यपाल ने इस वर्ष की थीम “मेरा भारत – मेरा वोट” का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रत्येक वोट देश के भविष्य को दिशा देता है। लोकतंत्र की मजबूती नीतियों या संस्थाओं से नहीं, बल्कि नागरिकों की जागरूक भागीदारी से सुनिश्चित होती है।
राज्यपाल ने भारत निर्वाचन आयोग की सराहना करते हुए कहा कि आयोग पिछले सात दशकों से निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं पारदर्शी चुनावों का सफलतापूर्वक संचालन कर रहा है। उन्होंने निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सुरक्षाबलों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सफल बनाने के लिए बधाई दी।
युवाओं और नए मतदाताओं को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी पूंजी है और उन्हें मतदान को केवल औपचारिकता न मानकर राष्ट्र निर्माण का माध्यम बनाना चाहिए।
उत्तराखंड की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद मतदान प्रक्रिया को सफल बनाने के लिए राज्य की निर्वाचन मशीनरी, बीएलओ एवं पोलिंग पार्टियों के प्रयासों की राज्यपाल ने सराहना की।
इस अवसर पर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने मतदान की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। सचिव निर्वाचन दिलीप जावलकर ने कहा कि सजग मतदाता से समृद्ध राष्ट्र का निर्माण होता है। कार्यक्रम के अंत में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने राज्यपाल का आभार व्यक्त किया।

