उधमसिंह नगर: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को उधमसिंह नगर जिले के गदरपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत रोशनपुर डलबाबा में बुक्सा जनजाति समाज के वीर नायक राजा जगतदेव की प्रतिमा का वर्चुअल अनावरण किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राजा जगतदेव जी का जीवन त्याग, वीरता, धर्मनिष्ठा और संस्कृति संरक्षण का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम केवल प्रतिमा अनावरण का नहीं, बल्कि बुक्सा जनजाति की गौरवशाली परंपरा, सांस्कृतिक विरासत और बलिदान को नमन करने का अवसर है। राजा जगतदेव जी ने कठिन परिस्थितियों में भी धर्म और संस्कृति की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व समर्पित किया, जो स्वाभिमान और आस्था की अदम्य शक्ति का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उधमसिंह नगर, नैनीताल, कोटद्वार सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में निवासरत बुक्सा समाज के लोग आज भी अपनी संस्कृति, परंपराओं और आत्मसम्मान को जीवंत बनाए हुए हैं। राज्य सरकार जनजातीय समुदायों के सांस्कृतिक संरक्षण, इतिहास के दस्तावेजीकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास और रोजगार के क्षेत्र में पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि राजा जगतदेव जी की गौरवगाथा पर शोध कार्य होना चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियाँ उनके जीवन से प्रेरणा ले सकें।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास से जुड़ी तीन महत्वपूर्ण घोषणाएँ कीं। ग्राम सभा रोशनपुर स्थित श्री डलबाबा मंदिर परिसर में चाहरदीवारी, टीनशेड, फर्श और शौचालय का निर्माण कराया जाएगा। ग्राम बलरामनगर से खेमपुर तक 3 किलोमीटर सड़क तथा ग्राम सीतापुर से एएनके इंटर कॉलेज तक 4 किलोमीटर सड़क का पुनर्निर्माण कार्य कराया जाएगा।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख ज्योति ग्रोवर, नगर पंचायत अध्यक्ष सतीश चुघ, दर्जामंत्री मंजीत सिंह राजू, जिलाधिकारी उधमसिंह नगर श्री नितिन भदौरिया तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
