मदनपल्ली में सीएम धामी ने किया अटल जी की प्रतिमा का अनावरण, ‘अटल–मोदी सुशासन यात्रा’ में भरा जोश

 

 

 

 

TMP: आंध्रप्रदेश के अन्नामय्या जिले के मदनपल्ली में रविवार को भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सहभागिता की। इस अवसर पर उन्होंने ‘अटल–मोदी सुशासन यात्रा’ में भाग लेते हुए विशाल जनसभा को संबोधित किया।

मुख्यमंत्री धामी ने अटल बिहारी वाजपेयी जी के जन्मशताब्दी वर्ष के पावन अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में शामिल होने को गौरव का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि अटल जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्रभक्ति, लोकतांत्रिक मूल्यों और मानवीय संवेदनाओं का जीवंत उदाहरण है, जिसने भारतीय राजनीति को नई दिशा दी।

उन्होंने अटल जी के नेतृत्वकाल की ऐतिहासिक उपलब्धियों—पोखरण परमाणु परीक्षण, स्वर्णिम चतुर्भुज परियोजना, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना और दूरसंचार क्रांति—का उल्लेख करते हुए कहा कि अटल जी ने गठबंधन राजनीति में भी स्थिरता और सुशासन का सफल मॉडल प्रस्तुत किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल जी की प्रेरणा से आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सुशासन, सेवा और गरीब कल्याण के पथ पर निरंतर आगे बढ़ रहा है। ‘स्टार्टअप इंडिया’, ‘मेक इन इंडिया’, ‘डिजिटल इंडिया’ और ‘वोकल फॉर लोकल’ जैसी पहलों ने आत्मनिर्भर भारत की नींव को मजबूत किया है।

उन्होंने बताया कि आज भारत रक्षा, अंतरिक्ष और अवसंरचना के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति के साथ विश्व की अग्रणी आर्थिक शक्तियों में शामिल हो रहा है। मोदी सरकार के कार्यकाल में 99 प्रतिशत गांवों का सड़क संपर्क सुनिश्चित हुआ है, वहीं स्वास्थ्य, शिक्षा और परिवहन में भी ऐतिहासिक परिवर्तन हुए हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने सनातन संस्कृति और धार्मिक धरोहरों के संरक्षण के लिए किए जा रहे कार्यों—अयोध्या में श्रीराम मंदिर, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, उज्जैन में महाकाल लोक तथा बद्रीनाथ–केदारनाथ धाम के पुनर्निर्माण—को सांस्कृतिक पुनर्जागरण का प्रतीक बताया।

उन्होंने अनुच्छेद 370 की समाप्ति, ट्रिपल तलाक उन्मूलन, नागरिकता संशोधन अधिनियम (CAA) और वक्फ संशोधन जैसे निर्णयों को ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को सशक्त करने वाला कदम बताया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने आंध्रप्रदेश में मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू के नेतृत्व में चल रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए पोलावरम परियोजना, औद्योगिक शहरों, नाइट विज़न फैक्ट्री और सेमीकंडक्टर इकाइयों को राज्य की प्रगति के नए आयाम बताया।

अंत में उन्होंने कहा कि श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की प्रेरणा से ही उत्तराखंड राज्य का गठन संभव हुआ और आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड शिक्षा, स्वास्थ्य, स्टार्टअप, रोजगार और सुशासन के क्षेत्रों में अग्रणी राज्य बनकर उभर रहा है। समान नागरिक संहिता, धर्मांतरण विरोधी कानून और लैंड जिहाद के विरुद्ध उठाए गए कड़े कदम इसी संकल्प का प्रमाण हैं।

 
 
(Visited 958 times, 1 visits today)