देहरादून: अयोध्या स्थित श्री राम मंदिर के शिखर पर धर्म ध्वजा फहराने के ऐतिहासिक क्षण को भाजपा प्रदेश कार्यालय में उल्लास, जयघोष और मिष्ठान वितरण के साथ मनाया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में हुए इस कार्यक्रम ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को गर्व और भावनाओं से भर दिया। इस अवसर पर सभी ने राम भजन गाकर एक-दूसरे को शुभकामनाएँ दीं और इस दिव्य क्षण की अनुभूति साझा की।
बलबीर रोड स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित इस उत्सव के दौरान प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने इसे “विश्व में सनातन का स्वर्णिम इतिहास लिखने वाला दिन” बताया। उन्होंने कहा कि 400 वर्षों के लंबे संघर्ष के बाद 22 जनवरी 2024 को रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के साथ मंदिर जनता के लिए खुल चुका था। आज मंदिर के शिखर पर धर्मध्वजा फहराए जाने के साथ मंदिर निर्माण पूर्णता को प्राप्त कर चुका है। यह क्षण न केवल 140 करोड़ सनातनियों के लिए बल्कि देवभूमि उत्तराखंड के लोगों के लिए भी अत्यंत गौरवमयी और अविस्मरणीय है।
कुंदन परिहार ने कहा कि श्री राम मंदिर की यह धर्मध्वजा आने वाली पीढ़ियों को रामराज्य की स्थापना, सनातन संस्कृति के दिव्य विचारों और मानव कल्याण के संदेश की सतत प्रेरणा देती रहेगी। यह ध्वजा विश्वभर में सनातन संस्कृति की समृद्ध विरासत का प्रतीक बनेगी।
कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेंद्र बिष्ट, प्रदेश कार्यालय सचिव जगमोहन रावत, महिला मोर्चा अध्यक्ष रुचि भट्ट, प्रदेश मीडिया सह संयोजक राजेंद्र नेगी, प्रदेश प्रवक्ता मथुरा दत्त जोशी, राजकुमार पुरोहित, धीरेन्द्र पंवार, कुलदीप बहुखंडी, दिलीप कंडारी, नेहा शर्मा, अनूप रावत, चंडी प्रसाद बेलवाल सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

