देहरादून: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत द्वारा दिए गए ‘विष पुरुष’ वाले विवादित बयान पर भाजपा ने सतर्कता जताते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं के प्रति सहानुभूति व्यक्त की है। भाजपा के वरिष्ठ विधायक एवं प्रवक्ता विनोद चमोली ने तीखा कटाक्ष करते हुए कहा कि हरीश रावत ने अपने लंबे राजनीतिक करियर में कांग्रेस के भीतर जो ‘जहर’ भरा, आज वही उन्हें वापस मिलता दिखाई दे रहा है। संभवतः यह उनका पश्चाताप व्यक्त करने का तरीका है।
पार्टी मुख्यालय में मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए चमोली ने कहा कि हरीश रावत का भाषण उनकी निराशा और असंतोष को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि एक अनुभवी नेता द्वारा इस तरह की आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए बेहद अपमानजनक है।
उन्होंने कहा कि हरीश रावत जिन लोगों को आज ‘विष पुरुष’ कह रहे हैं, वे सभी वही कार्यकर्ता और नेता हैं, जिनके बल पर वे वर्षों चुनाव लड़ते आए हैं और जिन्हें राजनीतिक रूप से उन्होंने ही तैयार किया।
चमोली ने कहा कि यदि हरीश रावत यह कह रहे हैं कि कई कार्यकर्ता उनके हारने की कामना करते हैं, तो यह उनके ही नेतृत्व की विफलता और कार्यकर्ताओं में भरे जहर का परिणाम है। उन्होंने कहा कि यह बयान कांग्रेस कार्यकर्ताओं का मनोबल गिराने और उनका अपमान करने वाला है।
भाजपा प्रवक्ता ने आगे कहा कि भले ही यह कांग्रेस का आंतरिक मामला हो, लेकिन हरीश रावत जैसे बड़े नेता के इस तरह के बयान चौंकाने वाले और निराशाजनक हैं। उन्होंने कहा कि इनके बाद भाजपा तो सतर्क होगी ही, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ना तय है।
चमोली ने स्पष्ट कहा कि ऐसे आत्मघाती बयान किसी तरह की सहानुभूति नहीं दिला सकते और न ही कांग्रेस की नैया पार लगा सकते हैं। प्रदेश की जनता पूरी तरह से प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में भाजपा के साथ खड़ी है।
