देहरादून: अल्मोड़ा जनपद के चौखुटिया क्षेत्र के लिए बड़ी राहत की खबर है। राज्य सरकार ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौखुटिया को 50 शैय्यायुक्त उप जिला चिकित्सालय में उच्चीकृत कर दिया है। इस संबंध में शासनादेश जारी कर दिया गया है।
स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के तहत अस्पताल में आईपीएचएस मानकों के अनुरूप चिकित्सकों व मेडिकल स्टाफ की नियुक्ति की जाएगी। साथ ही डिजिटल एक्स-रे मशीन और अन्य आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की आपूर्ति भी की जाएगी। इसके लिए स्वास्थ्य महानिदेशक को शीघ्र प्रस्ताव शासन को भेजने के निर्देश दिए गए हैं।
स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि सरकार प्रदेश में चिकित्सा सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। जन अपेक्षाओं को देखते हुए चौखुटिया एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है।
डॉ. रावत ने कहा कि अस्पताल के उच्चीकरण से द्वाराहाट, भिकियासैंण और ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के आसपास के गांवों को भी लाभ मिलेगा। अब स्थानीय लोगों को उपचार के लिए अन्य अस्पतालों की ओर नहीं जाना पड़ेगा।
उन्होंने बताया कि 50 शैय्यायुक्त उप जिला अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ, फार्मासिस्ट, लैब टेक्नीशियन सहित आवश्यक मेडिकल स्टाफ की तैनाती की जाएगी। साथ ही अवसंरचनात्मक कार्यों और आवश्यक पदों के सृजन को लेकर स्वास्थ्य महानिदेशक को प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।

