नई दिल्ली: वायुसेना प्रमुख एयरचीफ मार्शल एपी सिंह ने शुक्रवार को परंपरागत वार्षिक प्रेस कॉन्फ्रेंस में खुलासा किया कि पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तान को करारा जवाब देते हुए दर्जनभर लड़ाकू विमान ध्वस्त किए। इसमें 4–5 अमेरिकी एफ-16, चीन निर्मित जेएफ-17 जेट और अमेरिका निर्मित सी-130 हरक्यूलिस सैन्य परिवहन विमान भी शामिल थे।
एयरचीफ ने बताया कि भारतीय हमलों में पाकिस्तान के रडार सिस्टम, कमांड सेंटर, रनवे और हैंगर समेत कई ठिकाने ध्वस्त हुए। तीन अलग-अलग एयरबेस पर पाकिस्तानी वायुसेना को भारी क्षति पहुंची। उन्होंने साफ कहा कि “अगर संघर्ष लंबा खिंचता तो पाकिस्तान को और भी बड़ा नुकसान उठाना पड़ता। इसी डर से उसने सीजफायर की पहल की।”
उन्होंने राफेल जेट को मार गिराने के पाक दावों को “मनोरम कहानियां” बताते हुए कहा कि पाकिस्तान अपने नागरिकों को भ्रमित कर रहा है।
एपी सिंह ने यह भी संकेत दिया कि इस अभियान के बाद भारत अपनी वायु रक्षा क्षमता और मजबूत करने के लिए एस-400 मिसाइल प्रणालियों के अतिरिक्त बैच खरीदने पर विचार कर सकता है।
एयरचीफ ने स्पष्ट चेतावनी दी – भारतीय वायुसेना के पास पाकिस्तानी ठिकानों में गहराई तक जाकर सटीक प्रहार करने की क्षमता है। साथ ही कहा कि पाकिस्तानी आतंकवादी समूहों ने अपने ठिकाने खैबर पख्तूनख्वा में शिफ्ट किए हैं, लेकिन “जहां भी होंगे, हम उन्हें निशाना बनाने में सक्षम हैं।”
