CM धामी ने लिया आपदा प्रभावित क्षेत्रों का जायजा, प्रभावित परिवारों को मिली आर्थिक मदद

 

 

 

चमोली: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को चमोली जनपद के नंदानगर क्षेत्र का दौरा कर आपदा प्रभावित गांवों का स्थलीय और हवाई निरीक्षण किया। उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर आश्वस्त किया कि संकट की इस घड़ी में सरकार पूरी तरह उनके साथ खड़ी है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को राहत और पुनर्वास कार्यों को तेज़ी से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि के चेक भी प्रदान किए।

सीएम धामी ने कुंतारी लगा फाली और कुंतारी लगा सरपाणी का स्थलीय निरीक्षण किया, साथ ही धुर्मा, मोख, कुंडी, बांसबारा और मोखमल्ला गांवों का हवाई सर्वेक्षण कर नुकसान और राहत कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रभावित क्षेत्रों में युद्धस्तर पर बिजली, पेयजल और सड़क संपर्क बहाल करने का कार्य पूरा किया जाए।

जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने जानकारी दी कि अब तक 12 घायलों को हेलीकॉप्टर से हायर सेंटर रेफर किया गया है। इनमें से एक घायल को एम्स ऋषिकेश और 11 को श्रीनगर मेडिकल कॉलेज भेजा गया।

आपदा में 45 भवन पूरी तरह क्षतिग्रस्त, 15 गौशालाएं नष्ट और 8 पशु मृत जबकि 40 पशु लापता बताए गए हैं। प्रभावित परिवारों को भोजन, आश्रय, स्वास्थ्य सुविधाएं और अन्य आवश्यक मदद उपलब्ध कराई जा रही है।

निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, विधायक भूपाल राम टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल बर्तवाल, पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

(Visited 198 times, 1 visits today)