2027 अर्द्धकुंभ की तैयारियाँ शुरू: 54 करोड़ की स्वास्थ्य कार्ययोजना, 2924 बेड और 40 एम्बुलेंस तैनात होंगी

 

 

 

 

देहरादून: उत्तराखंड सरकार ने 2027 में हरिद्वार में आयोजित होने वाले अर्द्धकुंभ मेले को दिव्य और भव्य बनाने की दिशा में तैयारियाँ शुरू कर दी हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग ने तीर्थयात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए 54 करोड़ रुपये की विस्तृत स्वास्थ्य कार्ययोजना तैयार की है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि कुंभ केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि उत्तराखंड की संस्कृति, परंपरा और समृद्धि की झलक भी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार की प्राथमिकता हर तीर्थयात्री को सुरक्षित, स्वस्थ और संतुष्ट अनुभव प्रदान करना है।

स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख तैयारियाँ

  • 2924 बेड की व्यवस्था: 35 अस्थायी अस्पतालों में 373 बेड, 13 सरकारी अस्पतालों में 1101 बेड और प्राइवेट अस्पतालों में 1450 बेड आरक्षित।

  • 40 एम्बुलेंस उपलब्ध: इनमें 16 विभाग के पास और 24 नई खरीदी जाएंगी। एडवांस लाइफ सपोर्ट व बेसिक लाइफ सपोर्ट दोनों शामिल।

  • फूड सेफ्टी वैन: श्रद्धालुओं के भोजन की सुरक्षा के लिए 3 नई फूड सेफ्टी वैन खरीदी जाएंगी।

  • ड्रग वायर हाउस: रोशनाबाद में 120 लाख की लागत से नया भवन तैयार होगा।

  • नए उपकरण: भूपतवाला अस्पताल में डॉप्लर अल्ट्रासाउंड और सीआर एक्स-रे मशीन स्थापित की जाएगी।

रोग नियंत्रण और स्वच्छता

  • संक्रामक रोगों की रोकथाम के लिए 5 माउंटेबल फॉगिंग मशीनें (25 लाख) और 35 पोर्टेबल फॉगिंग मशीनें (18 लाख) खरीदी जाएंगी।

  • मेला क्षेत्र में व्यापक स्तर पर छिड़काव और सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

समन्वित प्रयास

स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने बताया कि तैयारियाँ कुंभ मेला अधिकारी डॉ. मनोज वर्मा के नेतृत्व में की जा रही हैं। सभी विभागों के बीच बेहतर तालमेल के साथ स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है।

(Visited 1,743 times, 1 visits today)