नई टिहरी: ऋषिकेश-गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर बैमुंडा जंगलात चौकी के पास रविवार शाम बड़ा हादसा हो गया। अचानक पहाड़ी से पत्थर गिरने के कारण स्कूटी पर सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
दुर्घटना का विवरण
रविवार शाम करीब 4:30 बजे थाना नरेंद्रनगर पुलिस को सूचना मिली कि चंबा से ऋषिकेश की ओर जा रही स्कूटी (नंबर यूके08 टीबी 0244) बैमुंडा क्षेत्र में पहाड़ी से गिरे पत्थरों की चपेट में आ गई।
हादसे में स्कूटी चालक अंकित जैन (25 वर्ष), पुत्र राजेश कुमार जैन, निवासी सदर बाजार, घंटाघर, फिरोजाबाद (उ.प्र.) की मौके पर ही मौत हो गई। अंकित ने यह स्कूटी हरिद्वार जनपद से किराए पर ली थी।
महिला गंभीर रूप से घायल
स्कूटी पर सवार अज्ञात महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। राहगीरों ने तुरंत उसे स्वास्थ्य केंद्र फकोट पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया गया। फिलहाल महिला बेहोशी की हालत में है, जिसकी वजह से उसकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस उसकी शिनाख्त में जुटी है।
पुलिस की कार्रवाई
सूचना मिलते ही थाना नरेंद्रनगर पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी निरीक्षक संजय मिश्रा ने बताया कि हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई है और महिला की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
