गोपश्वर। चीन सीमा को जोड़ने वाला ज्योतिर्मठ-नीति मलारी हाईवे शुक्रवार सुबह लाता के पास भूस्खलन से बंद हो गया। पहाड़ी से गिरे विशाल बोल्डर और मलबे ने सड़क को पूरी तरह ढक दिया, जिससे सीमांत नीति घाटी के गांवों और सेना की आवाजाही पर रोक लग गई।
सुबह करीब 11 बजे हुए इस भूस्खलन के दौरान सड़क पर कोई वाहन नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हाईवे बंद होने से सुराई थोटा, फागती, लोंग, जुम्मा, जेलम, द्रोणागिरी, कागा, गरपक, मलारी, कैलाशपुर, बांपा, गमसाली, नीति, मलारी और कोषा समेत दर्जनों गांवों का संपर्क कट गया है।
स्थानीय नागरिकों के साथ ही सीमा क्षेत्र में तैनात सेना के जवानों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हाईवे अवरुद्ध होने से ग्रामीण पैदल ही आवाजाही कर रहे हैं।
बीआरओ की टीमें हाईवे खोलने में जुटी हैं, लेकिन बड़े-बड़े बोल्डर हटाना मुश्किल साबित हो रहा है। देर शाम तक मार्ग बहाल नहीं हो पाया था। उधर, जिले में बीती रात की बारिश से 29 ग्रामीण लिंक मार्ग भी बंद हो गए हैं, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त है।
