उत्तराखंड: 12 जिलों में नए पंचायत बोर्ड संभालेंगे कार्यभार, शपथ ग्रहण और पहली बैठक की तिथियां तय

 

 

 

देहरादून: हरिद्वार को छोड़कर राज्य के शेष 12 जिलों में हुए त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों के बाद अब नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधि कार्यभार संभालने जा रहे हैं। शासन ने ग्राम, क्षेत्र और जिला पंचायतों के शपथ ग्रहण तथा प्रथम बैठक का कार्यक्रम जारी कर दिया है।

हालांकि, 33,056 ग्राम पंचायत सदस्य पद रिक्त रहने से बड़ी संख्या में ग्राम पंचायतों का गठन नहीं हो पाएगा। पंचायतीराज विभाग के उप निदेशक मनोज कुमार तिवारी ने बताया कि इन पंचायतों का विस्तृत ब्योरा जिलों से लिया जा रहा है।

24 और 28 जुलाई को दो चरणों में 89 विकासखंडों में हुए चुनावों में ग्राम पंचायत सदस्य के 55,587, ग्राम प्रधानों के 7,499, क्षेत्र पंचायत सदस्य के 2,974 और जिला पंचायत सदस्य के 358 पदों पर मतदान हुआ था। इनमें से ग्राम प्रधान के 20 और क्षेत्र पंचायत सदस्य के दो पद नामांकन न होने से रिक्त रह गए।

यह रहेगा कार्यक्रम

  • ग्राम प्रधान व ग्राम पंचायत सदस्य: शपथ 27 अगस्त, प्रथम बैठक 28 अगस्त

  • ब्लॉक प्रमुख, ज्येष्ठ/कनिष्ठ उपप्रमुख और क्षेत्र पंचायत सदस्य: शपथ 29 अगस्त, प्रथम बैठक 30 अगस्त

  • जिला पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व सदस्य: शपथ 1 सितंबर, प्रथम बैठक 2 सितंबर

शपथ ग्रहण के अगले दिन पंचायतों की पहली बैठक होगी और उसी दिन से उनके पांच साल के कार्यकाल की शुरुआत मानी जाएगी।

(Visited 1,534 times, 1 visits today)